समाचार

गोद में बुजुर्ग महिला, कंधे पर बंदूक लटकाए कहां चल दिया ये पुलिसकर्मी? वजह जान छलक पड़ेंगे आंसू

उत्तर प्रदेश में इन दिनों विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। ये चुनाव अपने अंतिम दौर पर आ रहे हैं। गौरतलब है कि यूपी में 7 चरणों में 403 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। 3 मार्च को उत्तर प्रदेश में छठे चरण के मतदान भी हुए। इस दौरान एक ऐसा नजारा देखने को मिला जिसने सभी को भावुक कर दिया। इस नजारे को देखने के बाद हर कोई यूपी पुलिस की तारीफ करने लगा।

बुजुर्ग महिला को पुलिस कांस्टेबल ने गोद में उठाया

दरअसल दिल को छू लेने वाला यह नजारा गोरखपुर जिले के एक मतदान केंद्र में देखने को मिला। यहाँ एक बुजुर्ग महिला वोट डालने आई थी, लेकिन उसे चलने फिरने में थोड़ी दिक्कत हो रही थी। ऐसे में एक पुलिस कांस्टेबल ने बुजुर्ग महिला गोद में उठा लिया। कंधे पर बंदूक और गोद में बूढ़ी औरत को लेकर जाते इस जवान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है।

यूपी पुलिस ने की तारीफ

इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे यूपी पुलिस का एक जवान बुजुर्ग महिला को वोट डालने के बाद मतदान केंद्र से गोद में बाहर लाता है। इस वीडियो को यूपी पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा –

कंधे पर बंदूक और गोद में माँ है। इसीलिए ख़ाकी पर इतना गुमाँ है। जनपद गोरखपुर में आरक्षी पवन कुमार ने थाना बढ़हलगंज क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की मतदान स्थल पर सहायता कर लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी की भूमिका निभायी है। आप पर गर्व है पवन!

लोगों को पसंद आया पुलिसकर्मी का अंदाज

इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग भी पवन नाम के इस पुलिसकर्मी की तारीफ करने लगे। एक यूजर ने लिखा “लोकतंत्र के इस त्यौहार में आपने अपने सच्चे दिल से भूमिका निभाई इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।” वहीं दूसरे ने लिखा “यही तो इंडिया की खूबसूरती है।”

देखें वीडियो


बताते चलें कि 3 मार्च को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का छठा चरण था। इस दौरान 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग की गई। इस बार टोटल 55.79 प्रतिशत मतदान हुआ। अब सातवें और अंतिम चरण में  54 सीटों पर चुनाव होंगे। ये 7वां चरण 7 मार्च को होगा। वहीं 10 मार्च को यूपी विधानसभा चुनाव की सभी 403 सीटों के परिणाम सामने आएंगे।

Back to top button