समाचार

यूक्रेन से जंग के बीच भारतीय मीडिया से नाराज हो गए पुतिन, भेदभाव पर कही यह बात

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध जारी है। कई दिनों से चल रही जंग में यूक्रेन को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। रूस लगातार उसके सैन्य ठिकानों पर हमला कर रहा है। हमले से यूक्रेन के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। वहीं यूक्रेन से जंग के बीच अचानक भारतीय मीडिया से रूसी राष्ट्रपति पुतिन नाराज हो गए हैं। आइए जानें रूस की नाराजगी का कारण क्या है।

रूसी दूतावास ने जताई नाराजगी

पुतिन ने अपनी नाराजगी दिल्ली स्थित रूसी दूतावास के जरिए जताई है। दूतावास की ओर से नाराजगी जताते हुए कहा गया है कि भारतीय मीडिया यूक्रेन-रूस में जारी जंग की सही तस्वीर नहीं दिखा रहा है। रूस का कहना है कि मीडिया को निष्पक्ष रिपोर्टिंग करनी चाहिए ताकि भारतीय लोगों को सच का पता चल सके।

ukraine russia conflict

रूस ने कहा, नहीं छेड़ी जंग

रूस ने कहा है कि हमारे देश ने यूक्रेन में कोई जंग ही नहीं छेड़ी है। दूतावास ने कहा है कि जिसे जंग कहा जा रहा है वो असल में यूक्रेन के नाजीकरण को रोकने का अभियान है। रूस का कहना है कि ये सैन्य अभियान यूक्रेन के डोनाबास में आठ साल से चल रही जंग को खत्म करने के लिए चलाया गया है।

शहरों पर नहीं कर रहे हमला

भारतीय मीडिया को सटीक रिपोर्टिंग की सलाह देते हुए दूतावास ने ये भी दावा किया है कि रूस की सेना तो यूक्रेन के शहरों औ नागरिकों पर हमला ही नहीं कर रही है। रूस का दावा है कि उनके देश के सैनिक तो बेहद संयम बरत रहे हैं। सिर्फ यूक्रेन के सैन्य ढांचे को ही तबाह किया जा रहा है।

रूस का कहना है कि हमारे सैनिक प्रतिबंधित हथियारों का इस्तेमाल भी नहीं कर रहे हैं जबकि यूक्रेन इनका प्रयोग कर रहा है। वहीं रूस नागरिकों को भी ढाल नहीं बनाता है। इसके साथ ही हमारी सेना जंग में दूसरे देश के कैदियों के साथ भी अच्छा व्यव्हार करती है। रूस ने भारतीय मीडिया से सही तस्वीर पेश करने की अपील की है।

परमाणु विकिरण को भी बताया गलत

रूस ने भारतीय मीडिया को कहा है कि यूक्रेन में परमाणु विकिरण नहीं हो रहा है। वहां परमाणु स्थल पूरी तरह सुरक्षित है। साथ ही कहा है कि विकिरण से जुड़ी कोई भी जानकारी झूठी और भ्रामक है। दूतावास ने मीडिया को पक्षपाती जानकारी देने से बचने को कहा है कि ताकि रूस की सही तस्वीर भारतीय जनता जान सके। इससे पहले भी रूस भारतीय मीडिया पर नाराजगी जता चुका है।

Back to top button