समाचार

दिल्ली की हत्यारी बेटी: बॉयफ्रेंड के चक्कर में रेतवा डाला अपनी ही मां का गला, ऐसे रची खूनी साजिश

देश की राजधानी दिल्ली से एक बेहद खौफनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटी ने उस मां को ही मरवा डाला जिसने उसे जन्म दिया और पाल पोसकर बड़ा किया। लड़की ने इस साजिश को अपने प्रेमी के दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया। इस घटना ने आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने आरोपी बेटी और उसके प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आइए आपको बताते हैं कि हत्यारी बेटी ने कैसे अपनी ही मां का खून करवा दिया।

भाजपा नेता थीं मृतक महिला

दिल्ली के आंबेडकर नगर में रहने वाली महिला सुधा रानी की शनिवार रात 10 बजे हत्या हो गई थी। वो 55 साल की थी और भारतीय जनता पार्टी की नेता थीं। उनके पति की काफी समय पहले ही हत्या हो गई थी। इसके बाद महिला ने ही दो बच्चों को पाल पोसकर बड़ा किया था। उन्होंने 2007 में भाजपा के टिकट से निगम पार्षद का चुनाव भी लड़ा था। उनकी हत्या की सूचना मिलते ही हड़ंकप मच गया। आनन-फानन में पुलिस वाले वहां पहुंच गए और शव को कब्जे में लिया। हत्या के साथ ही घर में लूटपाट भी की गई थी। इस वजह से पुलिस हत्या को लूटपाट की निगाह से ही देख रही थी। हालांकि जब पुलिस ने महिला की 24 साल की बेटी देवयानी से पूछताछ की तो हैरान करने वाला सच सामने आया।

बेटी बार-बार बदल रही थी बयान

मृतक महिला की बेटी देवयानी से पुलिस ने पूछताछ शुरू की क्योंकि वो उस समय घर पर ही मौजूद थी। पुलिस को देवयानी अपना बयान बार-बार बदलकर दे रही थी। इससे पुलिस का शक गहरा गया और जब सख्ती से पूछताछ की गई तो देवयानी ने पूरा सच उगल दिया। उसने कबूल कर लिया कि उसी ने अपनी मां का खून करवाया।

इस पूरी वारदात को उसने अपने बॉयफ्रैंड के दोस्त कार्तिक के साथ मिलकर किया। उसने पहले अपनी मां और घर में मौजूद मामा दोनों को नींद की गोलियां खिला दीं। इसके बाद जब मामा और मां अपने-अपने कमरे में गहरी नींद में सो गए तो देवयानी ने कार्तिक को बुला लिया। कार्तिक सर्जिकल ब्लेड लेकर आया और उसकी मां का गला रेतकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शातिर देवयानी ने घटना को लूट का रंग देने के लिए कुछ सामान बिखेर दिया और कुछ सामान कार्तिक को देकर वहां से भगा दिया।

इस वजह से करवाया मां का कत्ल

देवयानी ने अपने बॉयफ्रेंड की वजह से मां का कत्ल करवाया। दरअसल उसकी शादी पांच साल पहले नोएडा के चेतन के साथ हुई थी। पति को छोड़कर वो अपने बॉयफ्रेंड शिबू के साथ रहने लगी थी। ये बात उसकी मां को बिल्कुल नहीं पसंद थी और वो चाहती थीं कि वो शिबू को छोड़कर चेतन के साथ रहे। शिबू के खिलाफ कई केस दर्ज हैं और मां उसको बिल्कुल पसंद नहीं करती थी। सुधा रानी बेटी देवयानी को हर माह खर्चा भी देती थी लेकिन उन्होंने खर्चा बंद करने और जायदाद में हिस्सा न देने की धमकी भी देवयानी को दे दी थी। इसी वजह से उसने अपनी मां का खून करवा दिया। मां की मौत की खबर सुनकर उनका बड़ा बेटा विक्रांत महाराष्ट्र से दिल्ली आया है।

Back to top button