दिलचस्प

अजब प्रेम कहानी: फेसबुक पर हो गया दो औरतों को प्यार, पतियों को छोड़ कर ली शादी

समाज में इन दिनों सोशल मीडिया में लोग ज्यादा ही सक्रिय रहते हैं। कई बार सोशल मीडिया की लत ऐसे फैसले लेने पर मजबूर कर देती है जो सामाजिक तौर पर गलत माने जाते हैं। वैसे तो प्रेम करना कोई बुरी बात नहीं है और कब किसको किससे और कहां पर प्रेम हो जाए, ये भी कहा नहीं जा सकता है। लेकिन मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर दो महिलाओं को फेसबुक में एक-दूसरे से प्यार हो गया और दोनों ने साथ रहने की कसम भी खा ली। अपना वादा निभाने के लिए दोनों ने अपने पति और बच्चों तक को नहीं देखा। आइए जानें पूरा मामला क्या है।

मध्य प्रदेश के भोपाल शहर का मामला

अजब प्रेम की गजब कहानी वाला ये मामला मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामने आया है। यहां भोपाल में एक शादीशुदा महिला को शिमला में रहने वाली एक नेपाली महिला से प्यार हो गया। दोनों औरतें समलैंगिक बताई जा रही हैं। हालांकि दोनों ही शादीशुदा हैं और भोपाल वाली का एक लड़का और शिमला वाली औरत के दो बच्चे हैं।

भोपाल वाली महिला अपने पति से अलग जबकि शिमला वाली औरत अपने पति और बच्चों के साथ रहती थी। ये महिलाएं फेसबुक का इस्तेमाल करती थीं। इसी ऐप के जरिए दोनों की एक-दूसरे से दोस्ती हो गई। दोस्ती कब प्यार में बदल गई, इनको पता भी नहीं चला और दोनों ने एक-दूजे का होने की कसम खा ली।

अपनी मोहब्बत से मिलने भोपाल चली आई नेपाली महिला

दोनों महिलाओं का प्यार इतना परवान चढ़ा कि दोनों ने मिलने का फैसला कर लिया। इसके बाद शिमला में रहने वाली महिला अपने दोनों बच्चों और पति को छोड़कर अपनी मोहब्बत से मिलने भोपाल चली आई। यहां पर वो पति से अलग रह रही महिला दोस्त से मिली और दोनों ने साथ रहने की ठान ली। इसके बाद दोनों गाजियाबाद चली गईं। यहीं पर दोनों ने शादी भी कर ली और दोनों वापस भोपाल आकर एक फ्लैट में पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगीं।

पत्नी को लेने शिमला से भोपाल आ गया पति

शिमला में रहने वाली महिला के पति ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले की जानकारी होते ही वहां सक्रिय नेपाली संगठन के लोगों ने पता लगाया तो पूरी घटना की जानकारी हुई। इसके बाद संगठन के लोग भोपाल चले आए और यहां पर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि नेपाली महिला निशातपुरा इलाके में फ्लैट में दूसरी महिला के साथ रहती है। खबर होते ही नेपाली महिला का पति भी अपनी पत्नी को वापस लेने के लिए चला आया। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं की काउंसलिंग करवाई और दोनों को समझाया।

पुलिस का कहना है कि दोनों औरतें बालिग हैं और अपनी मर्जी से ही एक-दूसरे के साथ रह रही थीं। इसलिए ये कोई आपराधिक मामला नहीं बनता है। इसके बाद भी पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग करवाई और पूरे मामले को सुलझाया। पुलिस के समझाने पर नेपाली महिला वापस पति के साथ रहने के लिए राजी हो गई। इसके बाद भोपाल वाली महिला भी अपने घर चली गई।

Back to top button