बॉलीवुडसमाचार

लता मंगेशकर के निधन पर 2 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान: मुंबई शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार

रविवार को देश की मशहूर गायिका और स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन का समाचार सुनते ही पूरा देश शोकाकुल हो गया। लता मंगेशकर के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। लता दीदी के निधन पर राजनीतिक हस्तियों से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गजों ने शोक व्यक्त किया है।

लता मंगेशकर ने रविवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। लता मंगेशकर को कोविड और निमोनिया डिटेक्ट हुआ था और डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनका इलाज कर रही थी। 92 की उम्र में लता मंगेशकर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। बॉलीवुड के तमाम दिग्गज सेलेब्रिटी उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अक्षय कुमार, भूमि पेडनेकर और दिया मिर्जा जैसे सेलेब्स ने ट्वीट करके शोक जताया है।

मुंबई के शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार

मिली जानकारी के अनुसार, सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को लगभग 12:30 बजे उनके आवास पर ले जाया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मध्य प्रदेश में शोक की लहर

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जन्मी लता मंगेशकर के निधन पर पूरे मध्य प्रदेश में शोक की लहर छायी हुई है। यहां के दिग्गज नेताओं ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्टिवटर पर लिखा कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा, शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए।

लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है। उन्होंने आगे लिखा कि आपका जीवन हिंदी फिल्म जगत के साथ ही भारतीय संगीत की ऐसी अद्भुत यात्रा रही, जिसने कई पीढ़ियों को मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करते गीत-संगीत से जोड़ा। फिल्म जगत के उद्भव से अत्याधुनिक युग में प्रवेश करने तक दीदी सहयोगी से संरक्षक तक की भूमिका में रहीं। आपका योगदान अविस्मरणीय रहेगा।


दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

देश की सबसे लोकप्रिय संगीकार लता मंगेशकर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। केंद्र सरकार ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।

Back to top button