बॉलीवुड

नहीं रही स्वर कोकिला लता मंगेशकर, 92 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

महान गायिका लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) का 92 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में देर रात निधन गया। जी हां भारत रत्न, स्वर कोकिला, संगीत की मल्लिका… और न जाने कितने नामों से अपनी आवाज के दम पर करोड़ो दिलों पर राज करने वालीं लता मंगेशकर ने इस दुनिया से विदाई तो ले ली, लेकिन अब उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक लंबे वक्त से स्वर कोकिला लता जी खराब स्वास्थ्य की समस्या से जूझ रहीं थी और अब उनका निधन हो गया है। जिसकी जानकारी उनकी बहन उषा मंगेशकर ने दी। बता दें कि भारत की ‘नाइटिंगेल’ नाम की बहुमुखी गायिका ने लगभग आठ दशकों के अपने करियर में 36 भाषाओं में हजारों गीतों को आवाज दी, लेकिन अब वो इस दुनिया मे नहीं रही और अब उनके द्वारा गाए हुए गीत ही उनकी यादें बनकर हम सभी को उनकी याद दिलाते रहेंगे।

मालूम हो कि लता मंगेशकर को कोविड -19 और निमोनिया का पता बीते दिनों चला था। जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। जिस वज़ह से उन्हे आईसीयू में डॉक्टरों की निगरानी में लगातार रखा जा रहा था।

मध्यप्रदेश में पंडित दीनानाथ के घर जन्मी थी स्वर कोकिला…

बता दें कि लता जी का जन्म 28 सितंबर, 1929 को मध्य प्रदेश में हुआ था और लता जी के जीन में ही संगीत था। मालूम हो कि उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर एक मराठी संगीतकार और एक थिएटर कलाकार थे। वहीं अपने जीवनकाल के दौरान, मंगेशकर ने विभिन्न पीढ़ियों के संगीत के महान लोगों के साथ काम किया।

तीन राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजी गईं लता मंगेशकर…

बता दें कि यह लता जी का शानदार व्यक्तित्व और उनकी आवाज का ही जादू था कि उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें 1989 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं इसके बाद 2001 में, उन्हें कला के क्षेत्र में योगदान के लिए भारत रत्न से भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें पद्म विभूषण और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया जा चुका है।

वहीं आख़िर में बता दें कि लता जी से जुड़ी एक विशेष बात रही और वो ये है कि उन्होंने कभी शादी नहीं की और जीवन भर संगीत साधना में ही लगी रही और आखिरी दौर में जब वो ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती थी। तब भी पूरा देश उनके लिए प्रार्थनाएं करता रहा, लेकिन इस बार वो हम सभी को छोड़कर चली गई।

Back to top button