रिलेशनशिप्स

जब बेटे को मां के अफेयर का पता चला: छिपकर पढ़ने लगा मैसेज,  धोखा खाया महसूस कर रहा था लड़का

एक साइकोलॉजिस्ट और हेल्थ काउंसलर के सामने एक ऐसा ही मामला सामने आया। इस हेल्थ काउंसलर ने 18 वर्ष के एक ऐसे लड़के की कहानी बताई, जिसकी मां के अफेयर ने उसे इतना परेशान कर दिया कि उसका महिलाओं पर से भरोसा ही उठ गया।

मोबाइल पर मां के मैसेज पढ़कर हुआ शॉक्ड

साइकोलॉजिस्ट और हेल्थ काउंसलर नम्रता जैन उस लड़के के बारे में बताते हुए कहती हैं, “एक दिन मां का मोबाइल जब उस लड़के के हाथ लगा, तो उसने कुछ ऐसे मैसेज पढ़े, जिनसे उसे शक हो गया कि मां का अफेयर चल रहा है।

mobile

अपने शक को पुख्ता करने के लिए लड़के ने चुपके से मां के व्हॉट्सऐप को अपने लैपटॉप से कनेक्ट कर दिया। फिर लड़का रोज छुप-छुप कर मां के मैसेज पढ़ने लगा। उसे मां से नफरत होने लगी थी। उसे समझ में नहीं आ रहा था कि वो ये बात किससे कहे।”

मां के अफेयर का पता चलने पर बदला व्यवहार

अफेयर के बारे में पता चलने के बाद वो मां से बात-बात पर उलझने लगा, उन्हें ताने देने लगा। घर में भी उसका व्यवहार बदलने लगा था। वो परिवार में सबसे कटने लगा था, घंटों अकेले अपने कमरे में रहता था। महिलाओं पर से उसका विश्वास उठ गया था, जिसकी वजह से बार-बार उसका ब्रेकअप हो रहा था।

sad

वो किसी भी लड़की पर विश्वास नहीं कर पा रहा था। फिर उसने मां के अफेयर की बात अपनी बड़ी बहन को बताई। बहन को भी समझ नहीं आ रहा था कि मां से इस बारे में कैसे बात करे। फिर दोनों भाई-बहन हमारे पास आए।

 धोखा खाया महसूस कर रहा था लड़का

लड़का चीटेड फील कर रहा था, उसे लग रहा था कि मां ने उसका विश्वास तोड़ा है। हमने खुद उसकी मां से उनके अफेयर की बात नहीं की, लेकिन लड़के से कहा कि वो मां से इस बारे में खुद बात करे।

हालांकि मां ने अपने अफेयर की बात उसके सामने स्वीकार नहीं की, लेकिन बेटे से बात करने के बाद उनका घर और बच्चों के प्रति व्यवहार बदल गया। बाद में लड़के ने खुद बताया कि अब उसकी मां उस अफेयर में नहीं है, वो अपना पूरा समय परिवार को देती हैं।

कैसे सुधरा घर का माहौल?

लड़के की मां को घूमने जाना, पार्टी करना अच्छा लगता था, लेकिन पिता को ये सब अच्छा नहीं लगता था। इसी बात पर दोनों की अक्सर अनबन होती थी। पति से विचार न मिलने के कारण मां का भावनात्मक जुड़ाव किसी और के प्रति बढ़ गया। हमने उनके माता-पिता को बिना बताए उनकी फैमिली पर काम करना शुरू किया।

sad

दोनों भाई-बहन से कहा कि वो पेरेंट्स को करीब लाने की कोशिश करें। उन्होंने यही किया। वो जिद करके पेरेंट्स को डिनर, पार्टी, पिकनिक आदि के लिए राजी करने लगे। अब घर का माहौल बदलने लगा था। फिर हम उनकी मां से मिले। हमने उनसे अफेयर की बात नहीं की, सिर्फ ये कहा कि आपका बेटा घर के माहौल से डिस्टर्ब है, आपको उसे अपना अधिक समय देना चाहिए।

हमारे बताने के बाद मां को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने घर में ज्यादा समय बिताना शुरू किया। अब उनके परिवार का माहौल बहुत अच्छा हो गया है। मां ने भी अपने अफेयर को छोड़ बच्चों के साथ समय बिताना शुरू कर दिया है।

माता-पिता के अफेयर का बच्चों पर असर

पेरेंट्स के प्रेम प्रसंग के बारे में पता चलने के बाद टीनएजर्स के दिमाग में उथल-पुथल मच जाती है, उन्हें समझ में नहीं आता कि क्या करें, अपने दिल की बात किससे कहें।पैरेंट्स पर से उनका विश्वास कम हो जाता है कई टीनएजर में गुस्सा बढ़ जाता है, वो बात-बात पर चिढ़ने लग जाते हैं।

अफेयर की बात खुलने पर घर में झगड़े होने लगते हैं, कई बार पेरेंट्स अलग भी हो जाते हैं, इन सब बातों का बच्चों पर सबसे ज्यादा असर होता है।ऐसे टीनेजर्स की नींद डिस्टर्ब हो जाती है, वो ठीक से सो नहीं पाते।कई टीनेजर नशा करने लगते हैं, कई टीनएजर बिस्तर भी गीला करने लगते हैं।

Back to top button