समाचार

बच्चों को गले लगाया, डॉक्टर पति को प्यार से विदा किया, फिर लगाई फांसी: लेडी डॉक्टर ने दे दी जान

एमपी के जबलपुर में पुलिस के सामने एक ऐसी सुसाइड मिस्ट्री आई है, जिसे सुलझाना उसके लिए काफी मुश्किल साबित हो रहा है। पुलिस के समझ में नहीं आ रहा है कि प्यारे बच्चे, प्यार करने वाला पति और खुशहाल परिवार के बाद आखिर क्यों महिला डॉक्टर ने इस दुनिया को छोड़ने का फैसला कर लिया। सुसाइड का ये पूरा मामला क्या है आपको आगे बताते हैं-

32 साल की लेडी डॉक्टर ने किया सुसाइड

ये मामला जबलपुर के माढ़ोताल थाना इलाके की पॉश ग्रीन सिटी कॉलोनी कहा है। जहां 32 वर्षीय डॉ. कीर्ति जैन ने अपने घर पर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। डॉ. कीर्ति पाटन के कैमोरी स्थित शासकीय होम्योपैथिक अस्पताल में तैनात थीं। उनके पति डॉ. स्वप्निल जैन भी पेशे से डॉक्टर हैं। डॉ. स्वप्निल बीजेपी चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी हैं, उनका विजय नगर में निजी अस्पताल भी है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की, लेकिन वहाँ उन्हें किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस को अबतक आत्महत्या का कारण साफ नहीं हो पाया है। आगे आपको बताते हैं कि सुसाइड की ये घटना पता कैसे चली-

घंटी बजती रही लेकिन नहीं उठा फोन

माढ़ोताल थाना प्रभारी रीना पांडे ने बताया कि डॉ. स्वप्निल जैन मूल रूप से कटंगी के रहने वाले हैं, जिनकी शादी 7 वर्ष पूर्व भोपाल निवासी डॉ. कीर्ति जैन से हुई थी। डॉक्टर दम्पति का एक पाँच वर्षीय बेटा और डेढ़ वर्षीय बेटी है। सोमवार की सुबह स्वप्निल को पारिवारिक कार्यक्रम के लिए कटंगी जाना था और कीर्ति को शासकीय कार्य के लिए कलेक्ट्रेट पहुँचना था। इसलिए उन्होंने स्वप्निल के साथ ही दोनों बच्चों को भी कटंगी जाने के लिए कहा। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे स्वप्निल और बच्चों को घर के बाहर कार में बिठाने के लिए कीर्ति निकलीं, उन्होंने बच्चों को दुलार किया और फिर मुस्कुराते हुए पति और बच्चों विदा किया और घर के अंदर चली गईं।

दोपहर होने पर स्वप्निल और बच्चों ने कीर्ति को फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। बार-बार फोन करने पर जब उनका फोन नहीं उठा तो स्वप्निल ने अपने चचेरे भाई शिव नगर निवासी मयंक जैन को घर भेजा। मयंक जब घर पहुँचे तो हैरान रह गये क्योंकि कीर्ति बेडरूम में फंदे पर मृत हालत में झूल रही थी।

परिवार वालों को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर कीर्ति ने क्यों सुसाइड किया। घर में सबकुछ ठीकठाक था। कोई परेशानी की बात भी नहीं थी। उधर पुलिस ने हर एंगल से मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट, ससुराल और मायके वालों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सुराग ढूंढ़ने में लगी है।

Back to top button