समाचार

CDS हेलिकॉप्टर हादसा: नहीं रहे आखिरी जीवित बचे कैप्टन वरुण सिंह, अस्पताल में ली अंतिम सांस

तमिलनाडु हेलिकॉप्टर दुर्घटना (Tamil Nadu Helicopter Crash) में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह (Varun Singh) अकेले जीवित बचे थे। लोग उनकी सलामती की दुआएं मांग रहे थे। लेकिन हमे बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार सुबह (15 दिसंबर) निधन हो गया है। गौरतलब है कि 8 दिसंबर को तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था।

इस हादसे में जनरल बिपिन रावत समेत 13 लोगों का उसी दिन निधन हो गया था। हालांकि कैप्टन वरुण गंभीर रूप से घायल हुए थे। उनकी जान किसी तरह बच गई थी। वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। लेकिन अब उन्होंने वह भी अंतिम सांस लेकर शहादत को प्राप्त हो गए।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर भारतीय वायु सेना ने जताया दुख

varun singh

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह (Group Captain Varun Singh) के निधन पर भारतीय वायु सेना (Indian Air Force) की तरफ से बयान जारी किया गया है। उन्होंने एक ट्वीट करते हुए लिखा “भारतीय वायुसेना को यह सूचना देते हुए बहुत दुख हो रहा हा कि बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह अंतिम सांस ली। वह 08 दिसंबर, 2021 को हेलीकॉप्टर दुर्घटना में घायल हुए थे। भारतीय वायुसेना उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करती है। हम उनके शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।”


भारतीय सेना (Indian Army) ने आईएएफ ने इस ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा “जनरल एमएम नरवणे सीओएएस और भारतीय सेना की सभी रैंक ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर संवेदनाएं प्रकट करते हैं। उन्होंने 08 दिसंबर, 2021 को कुन्नूर में दुर्भाग्यपूर्ण हेलिकॉप्टर दुर्घटना में घायल होने के बाद आज सुबह अंतिम सांस ली।”

varun singh

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

इस दुखद समाचार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा – ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व, वीरता और अत्यधिक प्रोफेशनलिज्म के साथ देश की सेवा की है। उनके निधन से बेहद दुखी हूँ। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनके परिवार एवं दोस्तों को संवेदनाएं। ओम शांति।

अमित शाह ने भी प्रकट किया शोक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपनी ट्वीट में लिखा – कुन्नूर में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन की खबर सुन बहुत दुख हुआ। भगवान वीर जवान की आत्मा को शांति दे एवं उनके परिवार को शक्ति प्रदान करें। मेरी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति, शांति, शांति।


गौरतलब है कि 8 दिसंबर को तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के कुन्नूर में भारतीय सेना का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। इसमें सवार 14 लोगों में से 13 लोगों का उसी दिन निधन हो गया था। इसमें भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत (CDS Bipin Rawat), उनकी पत्नी और 11 जवान शामिल थे। वहीं हादसे में अकेले जीवित बचे वरुण सिंह का बेंगलुरू के सैन्य अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालांकि आज सुबह उन्होंने भी अंतिम सांस ली।

Back to top button