समाचार

कलयुगी बेटों ने पिता के नाम की दी सुपारी, पकड़े गए तो बोले- बाप को मारने का कोई पछतावा नहीं..

एक बेटे का फर्ज होता है कि वह बुढ़ापे में अपने पिता की सेवा करे, उसका अच्छे से ख्याल रखे। लेकिन मध्य प्रदेश के भिंड जिले में दो कलयुगी बेटों ने अपने ही सगे पिता को मारने की साजिश रच डाली। इसके लिए दोनों ने दो लाख रुपए खर्च कर दिए। हद तो तब हो गई जब पकड़े जाने पर उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें पिता की हत्या करवाने का कोई पछतावा भी नहीं है। तो आखिर वह क्या वजह थी जिसके चलते बेटों ने अपने ही पिता को मौत के घाट उतार दिया? चलिए जानते हैं।

बेटों ने कारवाई पिता की हत्या

दरअसल ये घटना सुरपुरा थाना इलाके के रमा गांव की है। यहां 2 अक्टूबर एक बुजुर्ग अतिबल सिंह यादव की हत्या हो गई थी। इस मामले में पुलिस जांच पड़ताल का रही थी। जांच में पुलिस ने पाया कि हत्यारे और कोई नहीं बल्कि बुजुर्ग के दोनों बेटे संजय और धर्मवीर हैं। दोनों भाइयों ने मिलकर अपने पिता को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया था।

2 लाख में हायर किया था शार्प शूटर

पकड़े जाने पर दोनों भाइयों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पिता को मारने की प्लानिंग सितंबर में ही बना ली थी। पिताजी को कब, कहां और कैसे मारना है ये तभी तय कर लिया था। इसके लिए भाइयों ने दो लाख रुपए में शार्प शूटर रोविन को हायर किया। उसे बाप की हत्या करने के लिए पचास हजार रुपए का एडवांस भी 20 दिन पहले ही दे दिया। फिर तय प्लानिंग के अनुसार आरोपियों ने 2 अक्टूबर को बीच सड़क अतिबल सिंह यादव की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों भाइयों को तो गिरफ्तार कर लिया है लेकिन शार्प शूटर अभी भी फरार है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस उसकी तलाशी कर रही है।

पिता को मारने का नहीं कोई पछतावा

हैरत की बात ये थी कि आरोपी बेटों संजय और धर्मवीर को अपने पिता को मारने का कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने पुलिस को बताया कि “बाप को मारते नहीं तो क्या करे? उसने हमे भूखा मरने के लिए छोड़ दिया था। अपनी संपत्ति में से एक रुपया नहीं दिया। हमे जमीन का एक टुकड़ा तक नहीं मिला। जब भी उसके पास जाते थे तो वह हमे डांट फटकार के भगा देता था।

भाई को भी उतारा था मौत के घाट

जांच में पुलिस को पता चला कि इन कलयुगी बेटों ने दस साल पहले अपने एक भाई को भी जहर देकर मार दिया था। उनके पिता को इसी बात की नाराजगी थी। इस कारण उन्होंने दोनों बेटों को अपनी संपत्ति से भी बेदखल कर दिया था। इस बात से दोनों बेटों को गुस्सा आता और उन्होंने पिता के मर्डर का प्लान बना डाला।

वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमे कमेंट कर जरूर बताएं।

Back to top button