विशेष

छाती में उठा तेज दर्द, डॉक्टर ने जांच कि तो दिल में फंसी दिखी खतरनाक चीज

सीने में दर्द उठना एक कॉमन समस्या है। जीवन में एक बार सभी को ये दर्द होता है। सीने में दर्द होने के कई कारण हो सकते हैं। इसका कारण बहुत छोटे से काफी गंभीर तक हो सकता है। ऐसे में दर्द की सही वजह का पता लगाने के लिए हमेशा डॉक्टर के पास जाना सही रहता है। वह कुछ टेस्ट लिखता है जिसके आधार पर सीने के दर्द की असली वजह सामने आ जाती है। लेकिन जब एक 56 साल के शख्स ने सीने के दर्द की जांच कराई तो कारण जान उसके होश उड़ गए। उसके दिल में एक बड़ा नुकीला सा सीमेंट का टुकड़ा फंसा मिला। यह देख डॉक्टर भी हैरान रह गए। तो आखिर ये सीमेंट का टुकड़ा शख्स के दिल तक पहुंचा कैसे? आइए जानते हैं।

‘न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन’ के एक शोध पत्र में इस अनोखे केस के बारे में बताया गया है। जिस शख्स के साथ यह घटना हुई वह यूरोप का रहने वाला है। शख्स के सीने में कुछ दिनों से बहुत तेज दर्द हो रहा था। ऐसे में वह डॉक्टर के पास गया। यहां डॉक्टर ने उसकी प्राथमिक जांच कर बड़े हॉस्पिटल रेफ़र कर दिया। हॉस्पिटल की जांच में जो सामने आया उसे देख डॉक्टर्स भी हैरान रह गए।

डॉक्टरों की टीम ने देखा कि शख्स के दिल और फेफड़े के बीच एक अजीब चीज फंसी हुई है। यह नुकीली चीज उसके फेफड़े के पास से दिल को चीरती हुई जा रही थी। जब डॉक्टरों ने और गहराई से अध्ययन किया तो पाया कि ये नुकीली चीज एक सीमेंट का टुकड़ा है। इसने शख्स के दिल में एक छेद बना दिया। बस फिर क्या था डॉक्टरों ने फटाफट शख्स की सर्जरी की और सीमेंट के टुकड़े को बाहर निकाल दिया। यह एक बेहद जटिल प्रक्रिया थी, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने इसे सफलतापूर्वक कर दिया।

अब आप सोच रहे होंगे कि शख्स के दिल तक ये सीमेंट का टुकड़ा पहुंचा कैसे? इसका जवाब भी रिपोर्ट में है। दरअसल शख्स को ऑस्टियोपरोसिस बीमारी थी। इसके चलते उसकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इसके इलाज के लिए डॉक्टरों ने काइफोप्लास्टी की थी। इसमें एक खास तरह की सीमेंट को रीढ़ की हड्डी में इंजेक्ट किया जाता है। इससे हड्डी की लंबाई पहले की ही तरह हो जाती है।

इस बात को काफी समय हो गया था। लेकिन फिर एक दिन लगभग दस सेमी लंबा सीमेंट का एक टुकड़ा निकलकर शख्स की नसों में चला गया। वह नसों से होता हुआ शख्स की दिल की दीवार में धंस गया। इसने फेफड़े में भी छेद कर दिया। इस कारण शख्स को सीने में तेज दर्द हुआ। वह सांस भी ठीक से नहीं ले पा रहा था। फिलहाल डॉक्टरों ने इस सीमेंट के टुकड़े को सर्जरी के माध्यम से बाहर निकाल दिया है।

Back to top button