समाचार

मां के नाम पर कलंक है ये महिला, 1500 रुपये में कर दिया दुधमुंही बच्ची का सौदा, ऐसे हुआ खुलासा

एक मां के लिए उसका बच्चा पूरी दुनिया से बढ़कर होता है। अपने बच्चे की सुरक्षा और खुशी के लिए मां किसी भी हद तक चली जाती है। वह अपने बच्चे को एक पल के लिए भी आंखों से ओझल नहीं होने देती है। खासकर जब उसका बच्चा छोटा हो तो वह उसे हमेशा सिने से लगाकर रखती है।

छोटी उम्र के बच्चों को लगातार मां के दूध की जरूरत होती है। इसलिए मां ऐसे बच्चों को अपने से थोड़ी देर के लिए भी दूर नहीं करती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी कलयुगी मां से मिलाने जा रहे हैं जिसने सिर्फ 1500 रुपए के लिए अपनी दुधमुंही बच्ची को बेच दिया। इस घटना का खुलासा भी महिला के और लालच करने से हुआ। चलिए इस मामले को थोड़ा और विस्तार से जानते हैं।

बिहार (Bihar) के बेगूसराय (Begusarai) जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने मां शब्द को कलंकित कर दिया है। यहां चन्दौर पंचायत के मधेपुरा गांव में एक महिला द्वारा अपनी दूधमुँही बच्ची को सिर्फ 1500 रुपए में बेचे जाने का शर्मनाक मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो भी कथित रूप से वायरल हुआ था।

यह पूरा मामला तब चर्चा में आया जब बच्ची का सौदा करने वाली महिला और पैसे मांगने बच्ची की नई मालकिन के घर जा पहुंची। यहां दोनों के बीच इस चीज को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद धीरे धीरे बच्ची बेचे जाने की खबर पूरे गांव में फैल गई। मां ने बच्ची को भुवनेश्वर तांती की पत्नी रामपरी देवी को कुछ दिनों पहले 1500 रुपए में बेचा था। आरोपी महिला का नाम रीना देवी बताया जा रहा है। रीना मधेपुरा गांव के वार्ड संख्या चार में रहने वाले सिकंदर पासवान की पहली पत्नी है। उसने पहले पति को छोड़कर रातगांव के रहने वाले मनोज पासवान से शादी रचा ली थी।

रीना को अपने पहले पति से बेटी भी हुई थी। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले रीना इस दूधमुँही बच्ची को लेकर मधेपुरा गांव आई थी। यहीं उसने रामपरी देवी (पति भुवनेश्वर तांती) को अपनी बच्चे 1500 रुपए में बेच दी थी। बच्ची को खरीदने के बाद रामपरी ने उसका लालन पालन भी शुरू कर दिया था। वह अपनी नई बेटी से बहुत खुश थी। लेकिन फिर कुछ दिनों बाद बच्ची की असली मां रीना देवी फिर से आ गई। वह रामपरी देवी से और पैसे मांगने लगी। इस बात पर दोनों का विवाद हुआ और मामला आग की तरह सब दूर फैल गया।

इस मामले को लेकर जब भगवानपुर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई केस हमारे संज्ञान में नहीं आया है। इस मामले को लेकर किसी भी पक्ष ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। उधर सोशल मीडिया पर जब ये खबर आई तो हर कोई कलयुगी मां की निंदा करने लगा। लोगों का कहना था कि एक मां को अपने बच्चे से हर परिस्थिति में प्यार होना चाहिए। उसका इस तरह से पैसों की खातिर सौदा करना गलत बात है। वैसे इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है?

Back to top button