समाचार

Revolver Rani की पुलिस महकमे से हुई छूट्टी, वीडियो बनाकर रातोंरात हुई थी वायरल…

रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाकर सुर्खियों में आई लेडी कांस्टेबल की हुई छूट्टी, इस वज़ह से दिया था इस्तीफा...

इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करके रातों रात सुर्खियों में आईं आगरा में तैनात महिला पुलिस कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा उर्फ़ ‘रिवॉल्वर रानी’ का इस्तीफा सीनियर आला-अधिकारियों द्वारा मंजूर कर लिया गया है। जी हां इंटरनेट मीडिया पर रिवाल्वर के साथ वीडियो वायरल होने के बाद लाइन हाजिर की गईं यूपी पुलिस की कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा रविवार को मंजूर हो गया। बता दें कि सीओ सदर की जांच के बाद एसएसपी मुनिराज जी. ने इस्तीफ़े को मंजूरी दे दी है।

Agra Ki Revolver Rani

गौरतलब हो कि महिला कांस्टेबल लाइन हाजिर होने के बाद रविवार तक वह पुलिस लाइन में ही ड्यूटी कर रही थीं और उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर कमेंट से परेशान होकर इस्तीफे की पेशकश अपने महकमें में की थी। ऐसे में अब इस्तीफा मंजूर होने के बाद वह ड्यूटी नहीं दे पाएंगी।

बता दें कि कानपुर निवासी प्रियंका मिश्रा वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में सिपाही के रूप में भर्ती हुई थीं। झांसी में ट्रेनिंग के बाद पहली तैनाती थाना एमएम गेट में मिली थी। उन्होंने वर्दी पहनकर रिवॉल्वर के साथ एक वीडियो बनाया था। जिसमें एक बैकग्राउंड म्यूजिक भी चल रहा था। 24 अगस्त को यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसके बाद पुलिस महकमे और महिला सिपाही दोनों की ख़ूब किरकिरी हुई थी। जिसकी जानकारी पर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया था।

Agra Ki Revolver Rani

वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही प्रियंका मिश्रा के बारे में सोशल मीडिया पर लोग लगातार धड़ल्ले से कमेंट कर रहे थे। इससे परेशान होकर सिपाही ने 31 अगस्त को अपना इस्तीफा एसएसपी मुनिराज जी. को सौंप दिया था। एसएसपी ने इस्तीफा मिलने पर जांच कराई। सीओ सदर ने जांच की। इस दौरान सिपाही गैरहाजिर भी हो गईं। नौ सितंबर को उन्होंने पुलिस लाइन में आमद करा ली। रविवार को भी ड्यूटी की। इसके बाद एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि सिपाही के इस्तीफे के लिए प्रार्थना पत्र देने पर सीओ सदर राजीव कुमार को जांच दी गई थी। उनकी जांच रिपोर्ट मिलने के बाद रविवार को इस्तीफा मंजूर कर लिया गया। अब महिला सिपाही से ड्यूटी नहीं करवाई जाएगी।

इंस्टाग्राम पर 39 हजार से अधिक फॉलोअर्स…

Agra Ki Revolver Rani


बता दें कि रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाने वाली सिपाही प्रियंका मिश्रा का इस्तीफा भले ही मंजूर हो गया है, लेकिन इंस्टाग्राम पर उनके फालोअर्स लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने अपने एकाउंट में कई और वीडियो शेयर किए हैं। गौर करने वाली बात यह है कि उन्हें नौकरी से भले हाथ धोना पड़ गया है लेकिन वीडियो वायरल होने से पहले उनके इंस्टाग्राम पर काफ़ी कम फॉलोअर्स थे, लेकिन अब उनकी संख्या क़रीब 40 हज़ार के आसपास पहुँच गई है।

रातों रात सोशल मीडिया की सनसनी बनी प्रियंका…

Agra Ki Revolver Rani

वहीं मालूम हो कि रिवॉल्वर के साथ प्रियंका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सोशल मीडिया में प्रियंका मिश्रा सनसनी बन गई थी। इंस्ट्राग्राम पर जब वीडिया पोस्ट किया तो कुछ ही वक़्त में हज़ारों लोगों ने वीडियो को देख लिया। लेकिन उस वीडियो को प्रियंका मिश्रा ने हटा दिया। वर्दी वाला वीडियो भले ही हटा दिया गया हो लेकिन इंस्ट्राग्राम पर प्रियंका मिश्रा के फॉलोवर बढ़ने की बाढ़ सी आ गई। रोजाना हज़ारों लोग प्रियंका मिश्रा को फॉलो कर रहे हैं और प्रियंका मिश्रा ने जो वीडियो पोस्ट किए हैं उनमें से कुछ वीडियो एक लाख से ज्यादा बार लोगों ने देखा है।


वीडियो में ऐसा क्या था कि सिपाही को होना पड़ा था ट्रोल…


उक्त वीडियो में कॉन्स्टेबल प्रियंका मिश्रा रंगबाजी में यूपी की तुलना पंजाब और हरियाणा से करती दिख रही थीं। जी हां वीडियो में प्रियंका यूनिफॉर्म पहनी हुई थीं और हाथ में रिवॉल्‍वर लहरा रही थीं। जिस ऑडियो पर वह एक्टिंग कर रही हैं उसमें कहा जा रहा है हरियाणा-पंजाब तो बेकार ही बदनाम है, आओ कभी उत्‍तर प्रदेश। रंगबाजी क्‍या होती है, हम तुम्‍हें बताते हैं। 22 सेकेंड के इस वीडियो में वह पूरे समय रिवॉल्‍वर दिखाते हुए नज़र आ रहीं थीं और यही रिवॉल्वर लेकर वर्दी में रंगबाजी दिखाना उनके लिए भारी पड़ गया और अंततः नौकरी से हाथ धोना पड़ा।

Back to top button