समाचार

आटा-साटा प्रथा: परिवार ने किया लड़की के बदले लड़की का सौदा, फिर कुएं में मिली बेटी की लाश

आटा साटा प्रथा से तंग आकर लड़की कुएं में कूद गई, मरने के पहले की एक खास विनती

शादी करने का सपना हर लड़की देखती है, लेकिन शर्त यही होती है कि यह शादी उसकी मर्जी से होना चाहिए। तभी वह खुश रहती है। हालांकि भारत में आज भी कई ऐसे परिवार हैं जो अपनी बेटी की शादी बिना उसकी मर्जी से कर देते हैं। इसका नतीजा ये होता है कि बेटी शादी के बाद खुश नहीं रहती है। कई बार उसका डिप्रेशन इतना बढ़ जाता है कि वह घर से भागने, तलाक लेने या आत्महत्या करने जैसे कदम भी उठा लेती है।

 aata saata pratha rajasthan

अब राजस्थान के हेमपुरा गांव की इस घटना को ही ले लीजिए। यहां एक 21 साल की लड़की की परिवारवालों ने आटा साटा प्रथा के तहत उसकी शादी कर दी। इस शादी और आटा साटा प्रथा से लड़की इतनी दुखी हुई कि उसने कुएं में कूद अपनी ज़िंदगी समाप्त कर ली। मरने के पहले लड़की ने एक सुसाइड नोट भी लिखा। इस सुसाइड नोट में लड़की ने आटा साटा प्रथा की आलोचना करते हुए समाज को आईना दिखाया है। तो आखिर क्या है ये आटा साटा प्रथा जिसके चलते एक लड़की ने खुदखुशी कर ली? आइए जानते हैं।

 aata saata pratha rajasthan

दरअसल 21 वर्षीय सुमन चौधरी की शादी आटा साटा प्रथा के चलते हेमपुरा गांव के एक शख्स से करवा दी गई थी। सुमन राजस्थान के नागौर जिले के नवा कस्बे की रहने वाली थी। वह इस शादी से खुश नहीं थी, लेकिन परिवार के दबाव और आटा साटा प्रथा के प्रेशर के चलते उसे यह शादी करनी पड़ी थी। ऐसे में इस शादी से तंग आकर सुमन ने दो दिन पहले ही कुएं में कूद कर जान दे दी।

सुसाइड नोट में क्या लिखा था?

 aata saata pratha rajasthan

मरने के पहले सुमन ने सुसाइड नोट भी लिखा। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार इस आटा साटा प्रथा को ठहराया। उसने लिखा कि ‘यदि परिवार की मर्जी के खिलाफ तलाक या शादी करना स्वीकार्य नहीं है, तो आटा साटा क्यों स्वीकार्य है?’

 aata saata pratha rajasthan

उसने आगे लिखा ‘ऐसी सामाजिक बुराई (प्रथा) के चलते हजारों लड़कियों की लाइफ बर्बाद हो रही है। एक 17 साल की लड़की की शादी 70 साल के व्यक्ति तक से कर दी जाती है। समाज बस अपने बेटों के लिए एक अच्छी दुल्हन चाहता है’ इसके साथ ही सुसाइड नोट में युवाओं से इन रीति-रिवाजों के खिलाफ अभियान शुरू करने की पहल भी की गई है।

 aata saata pratha rajasthan

उधर सुसाइड नोट मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं सुमन के परिवारवालों का कहना है कि उनकी बेटी मानसिक रूप से बीमार थी, इसलिए उसने कुएं में कूदने से उसकी मौत हो गई। परिवार ने ये भी कहा कि सुमन का पति विदेश जाने के बाद से उसके साथ नहीं रह रहा था।

क्या है आटा-साटा प्रथा

 aata saata pratha rajasthan

सदियों पुरानी आटा-साटा एक ऐसी व्यवस्था है जिसमें परिवार लड़की के बदले लड़की का सौदा करता है। मतलब एक परिवार अपनी बेटी की शादी तभी करता है जब सामने वाला परिवार अपने घर से एक बेटी उनके बेटे के लिए देता है। आसान शब्दों में कहे तो दोनों घर से बेटियों की बहू के रूप में अदला बदली हो जाती है। इस तरह की प्रथा में उम्र और योग्यता मायने नहीं रखती है।

Back to top button