विशेष

धूमधाम से निकाल रहे थे बारात, पुलिस आई तो इधर उधर भागे बाराती, दूल्हा घोड़ी पर अकेला बैठा रह गया

कोरोना वायरस की दूसरी लहर पहले से भी ज्यादा खतरनाक बताई जा रही है। यह वायरस बहुत तेजी से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। यही वजह है कि देशभर में कई राज्यों में लॉकडाउन लगाया गया है। ऐसे में शादी समारोह जैसे कार्यक्रम से कोरोना के फैलने का खतरा और भी बढ़ जाता है। यही वजह है कि कई राज्यों ने या तो शादी प्रतिबंधित कर दी है या फिर सीमित संख्या में शादी करने की अनुमत दी है।

हालांकि सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं जहां लोग चोरी छिपे और बड़ी संख्या में शादी रचा रहे हैं। ऐसे में जगह जगह पुलिस भी धावा बोल शादी करने वालों पर केस दर्ज कर रही है। अब मध्य प्रदेश के इंदौर के खुडैल की इस शादी को ही ले लीजिए। यहां सोमवार रात दूल्हा बारात लेकर इंदौर से खुडैल पहुंचा। यहां कार से उतरते ही गांव में बारतियों ने धूम धाम से जुलूस निकालना शुरू कर दिया।

इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। जब पुलिस मौके पर आई तो उसे देख बाराती दूल्हे को छोड़ इधर उधर भागने लगे। दूल्हा घोड़ी पर ही बैठा रह गया। पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को फटकार लगाई। इतना ही नहीं दूल्हा व दुल्हन दोनों के पिता पर महामारी फैलाने का केस भी दर्ज हुआ। पुलिस ने बारात को बीच रास्ते ही रुकवा दिया। हालांकि बाद में दूल्हा और उसके एक दो रिश्तेदार को लड़की वालों के घर शादी के लिए जाने दिया।

खुड़ैल सीएसपी अजय वाजपेयी के मुताबिक दूल्हा इंदौर के ग्रेटर कैलाश अस्पताल के सामने रहता है। दूल्हे के पिता का नाम तोताराम है। वहीं दुल्हन पिता मुकेश जामन्या खुर्द के रहने वाले हैं। इन दोनों पर ही पुलिस ने केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस जैसे ही बारात में आ गई तो वहां की रंगत उड़ गई थी। सभी घबरा गए थे और इधर उधर भागने लगे थे। आलम ये था कि बरातियों ने दूल्हे की भी सुध नहीं ली और उसे छोड़ भाग निकले। अब इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बता दें कि इसके पहले इंदौर से लगे राऊ इलाके में भी पुलिस ने शादी समारोह में पहुंचकर आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र पर पल्लर नगर के 60 फीट रोड होटल अमृत ग्रीन में शादी के लिए 50 लोग एकत्रित हुए थे। इस जगह भी पुलिस सूचना मिलने पर पहुंच गई। लेकिन जब लोगों को पता चला कि पुलिस आ रही है तो सभी गायब हो गए।

Back to top button