स्वास्थ्य

गर्मियों में पुदीना कई बीमारियों को करेगा दफा, इसके इस्तेमाल से होंगे ये गजब के फायदे

गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोग तरह-तरह की ड्रिंक का सेवन करने लगते हैं। कुछ ऐसी ड्रिंक होती हैं जो हमें गर्मी से बचाती हैं। इतना ही नहीं बल्कि यह पेट से जुड़ी हुई परेशानियों से भी बचाने में बहुत ही फायदेमंद मानी जाती हैं। अगर गर्मियों के मौसम में हेल्दी ड्रिंक का सेवन किया जाए तो इससे स्वास्थ्य को फायदा मिलता है। आज हम आपको पुदीना के फायदों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

आपको बता दें कि गर्मियों के मौसम में लोग दही, छाछ, नारियल पानी, खीरा, ककड़ी, तरबूज आदि का सेवन अधिक करते हैं, इनकी तासीर ठंडी होती है जो गर्मियों के मौसम में हमारे शरीर को ठंडा बनाए रखते हैं। इसके अलावा पुदीने का इस्तेमाल भी लोग अलग-अलग तरीके से करते हैं। कोई पुदीने की चटनी बनाकर खाना पसंद करता है तो कोई पुदीना का पानी पीता है। गर्मियों के मौसम में पुदीना बहुत ही फायदेमंद माना गया है।

पुदीना एक प्राकृतिक औषधि है जिसका गर्मियों में सेवन किया जाए तो इससे पेट में गैस और कब्ज जैसी समस्याएं दूर रहती हैं। पुदीने की तासीर ठंडी होने की वजह से यह गर्मियों के मौसम में हमारे पेट को ठंडा रखने में सहायता करता है और कई बीमारियों से हमें बचाता है। आयुर्वेद में पुदीने का इस्तेमाल बहुत अधिक किया जाता है क्योंकि यह वात, पित्त और कफ इन तीन प्रकार के दोष को शांत करने में सहायता करता है।

सिर दर्द में आराम दिलाता है पुदीना

गर्मियों का मौसम जैसे ही शुरू होता है वैसे-वैसे स्वास्थ्य से जुड़ी हुई बहुत सी परेशानियां उत्पन्न होने लगती हैं। अक्सर देखा गया है कि लोग धूप में बाहर निकलते हैं तो उनको सिरदर्द की समस्या होने लगती है। अगर आपको भी सिरदर्द की समस्या होती है तो ऐसी स्थिति में पुदीना का इस्तेमाल जरूर करें। इससे शरीर के तापमान को कम करके सिरदर्द की समस्या को दूर करने में सहायता मिलती है। पुदीने की तासीर ठंडी होती है और यह शरीर को ठंडा रखता है। पुदीने में शांत करने वाली सूदींग प्रॉपर्टीज पाई जाती है।

पाचन को बेहतर बनाता है पुदीना

जिन लोगों को पाचन से संबंधित समस्याएं रहती हैं उनको पुदीने का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए। पुदीना पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। आपको बता दें कि पुदीने की बेहतरीन खुशबू लार ग्रंथि को सक्रिय बनाने का कार्य करती है, जिससे पाचन एंजाइम उत्तेजित होता है और पाचन की प्रक्रिया भी तेज होने लगती है। अगर किसी को अपच, बदहजमी, सीने में जलन जैसी पाचन से जुड़ी हुई समस्या है तो ऐसे में पुदीने का इस्तेमाल जरूर कीजिए, इससे लाभ मिलेगा।

त्वचा के लिए फायदेमंद है पुदीना

अगर किसी के चेहरे पर दाग धब्बे हैं या फिर त्वचा पर खुजली की समस्या है तो ऐसी स्थिति में पुदीना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। आपको बता दें कि पुदीना में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी बैक्टीरियल गुण मौजूद होते हैं जो मुंहासे से लड़ने में सहायता करने के साथ ही त्वचा पर होने वाले दाग-धब्बे और खुजली से भी लड़ने में सहायकमंद माने गए हैं। जब पेट में गर्मी अधिक हो जाती है तो इसके कारण त्वचा पर दाने पड़ने लगते हैं। ऐसी स्थिति में आप पुदीने को अपने आहार में शामिल जरुर कीजिए और पुदीना का लेप आप सीधे त्वचा पर लगाएं।

सांस की बदबू से दिलाता है छुटकारा

अगर गर्मियों के मौसम में पुदीने का इस्तेमाल करते हैं तो इससे सांस की बदबू से भी छुटकारा मिलता है और मुंह में फ्रेशनेस महसूस होती है। आपको बता दें कि पुदीने में मेंथॉल मौजूद होता है जो ठंडक पहुंचाने का कार्य करता है। पुदीना में मौजूद जीवाणुरोधी गुण बैक्टीरिया को मारने में सहायता करते हैं।

Back to top button