अध्यात्म

11 मार्च को है महाशिवरात्रि, इन कामों को करने से शिवजी होंगे प्रसन्न लेकिन ये बात रखें ध्यान

महाशिवरात्रि का पर्व देवों के देव महादेव की पूजा आराधना का सबसे शुभ दिन माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, हर साल फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस बार महाशिवरात्रि 11 मार्च 2021 को पड़ रही है। इस दिन विशेष रूप से भगवान शिवजी की पूजा की जाती है। शिव भक्त पूरे साल महाशिवरात्रि का बेसब्री से इंतजार करते हैं। भक्त इस दिन शिव जी की विधि-विधान पूर्वक पूजा करके इनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि वाले दिन ही भगवान शिव और माता पार्वती जी का विवाह हुआ था, जिसकी वजह से यह दिन बहुत ही खास माना गया है। शिव भक्त महाशिवरात्रि का त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।

ऐसी मान्यता है कि अगर शिवरात्रि पर सच्चे मन से भगवान शिवजी की पूजा की जाए तो इससे भोलेनाथ का आशीर्वाद मिलता है और जीवन की सारी परेशानियां दूर हो जाती हैं परंतु महाशिवरात्रि पर कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। आज हम आपको इस आर्टिकल के माध्यम से महाशिवरात्रि के पर्व पर किन कामों को करने से भगवान शिव जी प्रसन्न होंगे और किन कामों को करने से बचना होगा, इसके बारे में जानकारी बताएंगे।

महाशिवरात्रि पर करें ये काम, मिलेगा शुभ फल

  • महाशिवरात्रि के दिन शिवलिंग की पूजा जरूर करें, इससे शुभ फल की प्राप्ति होगी।
  • महाशिवरात्रि पर भगवान भोलेनाथ की पूजा के दौरान सफेद फूल का इस्तेमाल करें। अगर आप आक के फूल का इस्तेमाल करते हैं तो यह बहुत श्रेष्ठ माना जाता है।
  • महाशिवरात्रि के दिन भगवान शिव जी के साथ-साथ माता पार्वती जी की भी पूजा कीजिए, इससे विवाह में उत्पन्न हो रही बाधा दूर होती है और वैवाहिक जीवन खुशहाल बनता है।
  • महाशिवरात्रि के दिन नंदी जी की पूजा करें क्योंकि शिवजी की पूजा नंदी पूजन के बिना अधूरी मानी जाती है।
  • अगर आप महाशिवरात्रि पर बैल को हरा चारा खिलाते हैं तो इससे भगवान शिव जी की कृपा प्राप्त होगी।
  • महाशिवरात्रि पर बिल्वपत्र पर चंदन से ॐ नमः शिवाय लिखकर शिवलिंग पर अर्पित करें क्योंकि बिल्वपत्र भगवान शिव जी को अति प्रिय है।
  • महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान शिवजी की पूजा करने के साथ ही रात्रि जागरण करें और चारों प्रहर की पूजा कीजिए।

महाशिवरात्रि पर न करें ये काम

  • महाशिवरात्रि के पर्व पर देर तक नहीं सोना चाहिए। चाहे आपने व्रत किया है या फिर नहीं किया है, फिर भी आप बिना स्नान और पूजा के बिना भोजन मत कीजिये।
  • महाशिवरात्रि पर काले रंग के कपड़े ना पहने।
  • महाशिवरात्रि के पर्व पर शिवलिंग का जलाभिषेक किया जाता है परंतु आप इस बात का ध्यान रखें कि जल स्थान को भूलकर भी ना लांघे अन्यथा अशुभ परिणाम मिल सकते हैं।
  • महाशिवरात्रि पर भगवान शिव जी की पूजा के दौरान हल्दी, कुमकुम, तुलसी, केतकी के फूल और चंपा के फूल का इस्तेमाल ना करें। इसके अलावा शंख से जल अर्पित ना करें।
  • देवों के देव महादेव को पशुपतिनाथ भी कहा जाता है, इसलिए महाशिवरात्रि के पर्व पर आप किसी भी पशु-पक्षी को परेशान मत कीजिए।
  • महाशिवरात्रि पर घर का वातावरण शांत बनाए रखें। किसी भी प्रकार का वाद विवाद ना करें और ना ही गलत शब्द का इस्तेमाल करें। मन में किसी के भी प्रति गलत भावना ना लाएं।
  • आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि महाशिवरात्रि के दिन शिवलिंग पर जो भी चीजें अर्पित की गई हैं, उनका ग्रहण मत कीजिए क्योंकि यह अशुभ माना गया है।
  • महाशिवरात्रि के दिन मांस-मदिरा का सेवन भूलकर भी मत कीजिए। इस दिन सात्विकता बनाए रखना जरूरी है।

महाशिवरात्रि का शुभ मुहूर्त

फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी आरंभ- 11 मार्च 2021 दिन बृहस्पतिवार 02:39 से

फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी समाप्त- 12 मार्च 2021 दिन शुक्रवार को शाम 03:02 मिनट पर

Back to top button