विशेष

रोज किताब पढ़ने से ज्ञान तो मिलता ही है साथ ही होते हैं ये फायदे, जानें!

किताब पढ़ना : किताबें ज्ञान का सागर होती हैं। शायद ही कोई पढ़ा-लिखा व्यक्ति होगा, जिसे किताबें पढ़ना पसंद ना हो। लेकिन दुनिया में कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिन्हें किताबें पढ़ना किसी बोरियत से कम नहीं लगता है। कुछ लोग यह बहाना बनाते हैं कि उनके पास समय की कमी है। जबकि कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें किताब पढ़ने का नशा सा है। बिना किताब पढ़े उन्हें नींद ही नहीं आती है। किताब पढ़ना हमारे लिए बहुत ही फायदेमंद होता है।

किताब पढ़ने से होता है अकेलापन दूर:

एक शोध में यह बात सामने आयी है कि जो लोग प्रतिदिन किताबें पढ़ते हैं, उन्हें और लोगों की अपेक्षा अच्छी नींद आती है। रात को सोने से पहले अगर कोई अच्छी किताब पढ़कर सोया जाए तो सुबह उठने पर उर्जा का एहसास होता है। किताब पढ़ने से तनाव कम होता है और व्यक्ति का अकेलापन भी दूर हो जाता है। आइये आज हम आपको किताब पढ़ने के फायदों के बारे में बताते हैं।

किताब पढ़ने से होते हैं ये फायदे:

*- दिमाग का अभ्यास:

किताब पढ़ने से दिमाग पर जोर देना पड़ता है, इस वजह से दिमाग का अभ्यास हो जाता है। अब दिमाग का अभ्यास होगा तभी तो दिमाग भी स्वस्थ रहेगा।

*- तनाव कम करता है:

अगर आप तनावग्रस्त है तो तनाव कम करने का किताब से बेहतर कोई और तरीका नहीं हो सकता है। जब आप कोई अच्छी कहानी पढ़ते हैं तो आपका सारा ध्यान कहानी की तरफ होता है, इससे आपका तनाव कम होता है।

*- अच्छी नींद आना:

किताब पढ़ने से आपको आराम मिलता है इसलिए आपको नींद भी अच्छी आती है। जब आप मोबाइल या कोई अन्य चीज चलाते हैं तो उसकी कृत्रिम लाइट आपके दिमाग को सन्देश देती है कि अभी जागने का समय है।

*- याददाश्त मजबूत होना:

किताब पढ़ने से लोगों की याददाश्त भी मजबूत होती है। दरअसल जब आप कोई कहानी पढ़ते हैं तो उसके सभी पात्रों के नाम और कहानी को याद रखते हैं। इससे आपके दिमाग का अभ्यास होता रहता है और आपका दिमाग मजबूत होता है।

*- एकाग्रता बढ़ती है:

जब भी आप किताब पढ़ते हैं तो आपका ध्यान केवल किताब पर होता है। इस वजह से आपकी एकग्रता भी बढ़ती है।

*- प्रेरणा मिलती है:

एक शोध से यह बात सामने आयी है कि लगभग 60 प्रतिशत लोगों ने माना है कि उनके जीवन में अगर कोई बदलाव हुआ है तो वह किताब पढ़ने की वजह से हुआ है। उनके अन्दर कुछ बेहतर करने की भावना उत्पन्न हुई और उनके अन्दर बहुत बड़ा बदलाव हो गया।

*- शब्दों का भण्डार बढ़ता है:

जब आप किताब पढ़ना शुरू कर देते हैं तो आपके शब्दों का भंडार भी भरता जाता है। जब आप किताब पढ़ते हैं तो आपके सामने कई ऐसे शब्द आते जाते हैं, जो आपके दिमाग में स्टोर हो जाते हैं। जब आप कुछ बोलते हैं तो यह शब्द अपने आप आपकी जुबान पर आ जाते हैं।

*- विश्लेषण क्षमता बढ़ती है:

किताब पढ़ने वालों की विश्लेषण क्षमता में गजब की वृद्धि देखी गयी है। दरअसल जब आप किताब पढ़ते हैं तो अंत में क्या होगा, इसके बारे में आप पहले से ही सोचने लगते हैं। इस वजह से आपकी विश्लेषण क्षमता बढ़ जाती है।

Back to top button