अध्यात्म

वास्तु शास्त्र: ये 5 संकेत बताते हैं कि मां लक्ष्मी आपसे हैं नाराज, आ सकता है आर्थिक संकट

मनुष्य अपने जीवन में पैसा कमाने के लिए खूब मेहनत करता है परंतु लाख कोशिश करने के बावजूद भी पैसा कमाने में सफल नहीं हो पाता है। वहीं कुछ लोगों के पास पैसा होता है परंतु अचानक ही पैसा इधर-उधर के कामों में फिजूल खर्च हो जाता है, जिसके कारण आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगती हैं। आपको बता दें कि वास्तुशास्त्र में कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताया गया है, जिनके जरिए इस बात का अनुमान लगाया जा सकता है कि हमारे जीवन में आर्थिक परेशानियां उत्पन्न होने वाली हैं।

जी हां, यह संकेत इस तरफ इशारा करते हैं कि माता लक्ष्मी जी हमसे नाराज हो गईं हैं और भविष्य में आपको आर्थिक संकट से गुजरना पड़ेगा। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसे पांच संकेतों के बारे में जानकारी देने जाने वाले हैं जो अगर आपको मिलते हैं तो तुरंत सावधान हो जाएं और इसका समाधान तुरंत करना बहुत ही आवश्यक है अन्यथा आप बड़ी परेशानी में आ सकते हैं। तो चलिए जानते हैं, इन संकेतों के बारे में…..

घर के नल से पानी टपकना

अगर घर में लगे हुए नल से पानी टपकता है तो वास्तु शास्त्र में यह अशुभ संकेत माना गया है। जी हां, अगर घर में लगे हुए नल से किसी वजह से पानी टपकने लगे तो यह इस तरफ इशारा करता है कि उस घर से धन की देवी माता लक्ष्मी जी नाराज हो चुकी हैं। नल से पानी टपकने के कारण पैसा बेवजह खर्च होने लगता है, जिसके कारण आर्थिक परेशानियां बढ़ने लगती हैं। अगर आप जितनी जल्दी हो सके नल को ठीक नहीं कराते हैं तो इससे आगे चलकर बड़ा आर्थिक संकट उत्पन्न होने की संभावना रहती है।

घर की छत पर इस दिशा में कौआ बैठे तो

यदि घर की छत पर कौवा दक्षिण मुखी होकर बैठता है तो यह शुभ संकेत नहीं माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि इससे धन हानि होने की संभावना रहती है। अगर आपको कुछ ऐसा नजर आता है तो तुरंत सावधान हो जाना चाहिए और धन से जुड़े हुए मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही भूलकर भी मत कीजिए।

व्यक्ति के दाएं अंग पर छिपकली गिर जाए तो

अक्सर देखा गया है कि घर में व्यक्ति के शरीर के किसी ना किसी अंग पर अचानक से ही छिपकली गिर जाती है। अगर व्यक्ति के दाएं अंग पर छिपकली गिर जाए तो यह शुभ संकेत नहीं माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि व्यक्ति के शरीर के इस हिस्से पर छिपकली गिरने की वजह से बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है। यह संकेत अगर आपको मिले तो आप आर्थिक फैसले काफी सोच समझकर लीजिए।

छोटे बच्चे पेन या पेंसिल से लकीरे खींचने लगे तो

अक्सर देखा गया है कि घर के छोटे बच्चे अचानक से ही खेलते खेलते पेन या पेंसिल से कहीं ना कहीं दीवार या फर्श पर लकीरे खींचने लगते हैं, जिसको ज्यादातर लोग अनदेखा कर देते हैं परंतु अगर आपको यह संकेत मिलते हैं तो तुरंत ही सावधान हो जाना चाहिए और बच्चों को ऐसा करने से रोकें क्योंकि ऐसा माना जाता है कि बच्चे का ऐसा करने से आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं बल्कि कर्ज बढ़ने का भी यह संकेत माना गया है।

तुलसी का पौधा सूखने लगे तो

तुलसी का पौधा बहुत ही पवित्र माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि तुलसी का पौधा धन की देवी माता लक्ष्मी जी का प्रतीक होता है। अगर आपके घर में लगी हुई तुलसी अचानक ही सूखने लगे तो यह शुभ संकेत नहीं माना जाता है। इसका अर्थ होता है कि धन की देवी माता लक्ष्मी जी आपसे नाराज हो गई हैं और भविष्य में आपको धन संबंधित नुकसान का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए आप घर में लगी हुई तुलसी की देखभाल ठीक प्रकार से कीजिए। तुलसी के पौधे को सूखने ना दें।

Back to top button