दिलचस्प

गजब: दुल्हन की एक इच्छा पूरी करने के लिए ससुराल वालों ने पानी की तरह बहा दिए लाखों रुपए

शादी का नाम सुनते ही कुछ लालची लोगों के दिमाग में दहेज शब्द गूंजने लगता है। लोग लड़की के बदले उसके पिता से दहेज में टीवी-फ्रिज से लेकर कार तक न जाने क्या क्या मांगते हैं। हालांकि हर कोई दहेज का लोभी नहीं होता है। कुछ लड़के वाले ऐसे भी होते हैं जो सिर्फ दुल्हन की एक खुशी के लिए अपने लाखों रुपए पानी में बहा देते हैं।

अब राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके के गांव लाखा की नांगल का यह मामला ही ले लीजिए। यहां ससुर ने अपनी होने वाली बहू की एक इच्छा पूरी करने के लिए लाखों रुपए खर्च कर दिए। दरअसल दुल्हन ने आज तक कोई हवाई यात्रा नहीं की थी। उसका मन था कि वह एक बार हवा में यात्रा करें। ऐसे में उसकी इच्छा पूरी करने के लिए ससुराल वालों ने 3 लाख रुपए में हेलीकॉप्टर बुक कर दिया। इसके बाद दुल्हन की विदाई इसी हेलीकॉप्टर में हुई।

नांगल में रहने वाले टाइल्स ठेकेदार कृष्ण कुमार का बेटा राहुल आर्मी में क्लर्क है। हाल ही में उसकी सगाई गांव सरदारपुरा के रिटायर्ड फौजी वीरेंद्र कुमार की बेटी मोनिका से हुई थी। दोनों 2020 में शादी करने वाले थे, लेकिन लॉकडाउन लगने की वजह से ऐसा न हो सका। तब लॉकडाउन में राहुल को छुट्टी नहीं मिल पाई थी। इससे दोनों की शादी लेट हो गई।

इस बीच राहुल और मोनिका की आपस में फोन पर बातचीत होती रहती थी। एक बार राहुल ने मोनिका की ख्वाहिश पूछी, इस पर मोनिका ने जवाब देते हुए कहा कि उसने आज तक कोई हवाई यात्रा नहीं की है। ऐसे में वह एक हवाई यात्रा करना चाहती है। बाद में राहुल ने मोनिका की ख्वाहिश के बारे में घरवालों को बताया। इसके बाद मोनिका के ससुराल वालों ने दिल्ली से दुल्हन की शादी के लिए एक हेलीकॉप्टर बुक कराया।

हेलीकॉप्टर को नीमका थाना में लाखा की नांगल से खेतड़ी के सरदारपुरा तक 12 किलोमीटर का सफर पूरा करना था। इसके लिए हेलीकॉप्टर वाले ने 3 लाख रुपए का किराया लिया। इस बात की भनक राहुल ने मोनिका को नहीं लगने दी। यह उसके लिए सरप्राइज था। फिर 15 फरवरी को दोनों की शादी हो गई। अगले दिन विदाई में जैसे ही हेलीकॉप्टर आया तो मोनिका की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

रोते-रोते परिवार को अलविदा कह रही मोनिका का चेहरा खुशी से खिल उठा। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर में बैठ खुशी-खुशी अपने ससुराल चली गई। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर को गांव में उतारने के लिए एक स्पेशल हैलीपैड भी बनवाया गया था।

Back to top button