राशिफल

मकर राशि में 6 ग्रहों का हो रहा है संयोग, जानिए आप की राशि पर इसका प्रभाव

ज्योतिष शास्त्र की मानें तो 59 साल बाद ग्रह-नक्षत्र का अद्भूत संयोग होने जा रहा है। दरअसल 10 फरवरी की रात चंद्रमा का मकर राशि में प्रवेश होगा, जिससे एक अद्भूत संयोग बनेगा। जी हां, 59 साल में पहली बार ऐसा होगा कि मकर राशि में सूर्य, बुध, शुक्र, शनि, गुरू और चंद्रमा का एक साथ मिलन होगा। ऐसे में ग्रहों के इस महागठबंधन से कई सुयोग और दुर्योग बनेंगे।

षडग्रही संयोग में सूर्य, चंद्रमा, बुध और शनि पापी ग्रह हैं तो वहीं गुरू और शुक्र शुभ ग्रह हैं। ऐसे में इस ग्रह संयोग का असर सभी राशियों पर पड़ने वाला है। तो आइए जानते हैं, आखिर इस महासंयोग का आपकी राशि पर कैसा प्रभाव पड़ेगा…

मेष राशि

इस राशि से 10वें भाव में षडग्रही संयोग होने जा रहा है। ऐसे में आपको अच्छे और बुरे दोनों परिणाम मिलेंगे। नौकरी-पेशा वाले कुछ जातकों को कार्यक्षेत्र में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसी बात को लेकर उच्च अधिकारी के साथ वाद-विवाद की स्थिति आ सकती है। जो सरकारी कर्मचारी हैं, उनका ट्रांसफर हो सकता है। इसके अलावा परिवार के सदस्यों के साथ आपकी अनबन हो सकती है।

वृषभ राशि

षडग्रही योग वृषभ राशि से 9वें स्थान में होगा। ऐसे में भाग्य आपका पूरा साथ देगा और आपके रूके हुए सभी काम पूरे होंगे। पिता की सेहत चिंताजनक हो सकती है। इस दौरान वाहनों से उचित दूरी बनाए रखें। अपने कार्यों के लिए किसी दूसरे पर भरोसा न करें। छोटे भाई-बहनों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे।

मिथुन राशि

इस राशि से 8वें स्थान पर षडग्रही योग होगा। ऐसे में आपको अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। इस दौरान थोड़ी भाग-दौड़ हो सकती है। साथ ही आपको व्यक्तिगत जीवन में काफी उतार-चढ़ाव का सामना भी करना पड़ सकता है। हालांकि इस दौरान आपको मित्रों का भरपूर साथ मिलेगा, जिससे आपके कुछ कार्य आसान हो जाएंगे। कार्यक्षेत्र में कोई आपके साथ विश्वासघात कर सकता है।

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए षडग्रही संयोग सातवें भाव में होने जा रहा है। इस दौरान जीवनसाथी संग रिश्तों में दरार आ सकती है। घर के किसी बड़े-बुजर्ग की तबियत खराब हो सकती है। हालांकि आपकी आमदनी में वृद्धि होगी और पुराने कर्जों से मुक्ति भी मिलेगी। अगर पार्टनरशिप में बिजनेस करते हैं तो पार्टनर के साथ संबंधों को खराब न होने दें।

सिंह राशि

आपकी राशि से 6वें भाव में ही षडग्रही संयोग होगा। ऐसे में हर क्षेत्र में सफलता आपका इंतजार कर रही है। इस संयोग के प्रभाव से छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आ रही समस्याएं खत्म होंगी। लव लाइफ में सम्मान और उपहार मिलेगा। माता पिता के साथ बिगड़े रिश्ते सुधरेंगे। खुद को सुधारने के लिए ये समय काफी अनुकूल है।

कन्या राशि

इस राशि से पांचवें स्थान पर 6 राशियों का मिलन होगा। करियर के क्षेत्र में आपको मिले जुले परिणाम मिलेंगे। आय में इजाफा होगा तो वहीं कार्यक्षेत्र में शत्रुओं की वजह से कुछ चुनौतियां आ सकती हैं। अगर निवेश के बारे में सोच रहे हैं तो इस समय भारी-भरकम पैसा लगाने से बचें अन्यथा नुकसान हो सकता है। लव लाइफ में उतार चढ़ाव बना रहेगा। मित्रों के साथ कहीं बाहर घूमने जाने का प्लान बनाएंगे।

तुला राशि

आपकी राशि से पांचवें भाव में हो रहे षडग्रही संयोग का बुरा असर होगा। इस दौरान पारिवारिक तनाव बढ़ेगा। किसी बात को लेकर आपसी मतभेद हो सकते हैं। मगर धैर्य और संयम के साथ काम करेंगे तो ये सारे मतभेद खत्म हो सकते हैं। अपनी माता के सेहत का खास ख्याल रखें। अगर आप नौकरी की तलाश में हैं तो आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।

वृश्चिक राशि

तीसरे भाव में हो रहे षडग्रही संयोग का इस राशि के जातकों पर मिला जुला असर होगा। परिवार के सदस्यों की  सहायता के लिए आप हमेशा तैयार रहेंगे। भाई-बहन के साथ अच्छा समय गुजरने वाला है। इस राशि के जातकों के पराक्रम में वृद्धि होगी, इसका फायदा आपको कार्यक्षेत्र में मिलेगा। आय के नए नए स्त्रोत खुलेंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

धनु राशि

षडग्रही संयोग आपकी राशि से दूसरे भाव में होने जा रहा है। ऐसे में अपने क्रोध पर नियंत्रण रखें अन्यथा किसी खास शख्स के साथ अनबन हो सकती है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें वरना दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं। कार्यस्थल में अपना काम समय से पूरा करें और बेवजह किसी से ना उलझें।

मकर राशि

6 ग्रहों का महागठबंधन आपकी राशि में ही होने जा रहा है। ऐसे में इसका सबसे ज्यादा प्रभाव भी इसी राशि में होगा। व्यापार से जुड़े निर्णय सोच समझकर लें। परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। एकसाथ कई कार्यों में किस्मत ना अजमाएं अन्यथा किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकते हैं।

कुंभ राशि

षडग्रही संयोग के दौरान आपके खर्चे में वृद्धि हो सकती है। लेन-देन में सावधानी बरतें। आपके गुप्त शत्रु आपकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। अपने और परिवार के सेहत का खास ख्याल रखें। जो जातक विदेश यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए अच्छा समय है।

मीन राशि

मीन राशि की बात करें तो इस राशि से षडग्रही संयोग 11वें स्थान पर होने जा रहा है। ऐसे में आपके आय के स्त्रोतों में अचानक वृद्धि होगी, जिससे आप धनवान बनेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारी आपके कार्य से संतुष्ट होंगे। लव लाइफ में एक नया अध्याय शुरू होगा। छात्रों को पढ़ाई के दौरान हो रही रूकावटें दूर होंगी।

Back to top button