विशेष

टीवी के इन सितारों को मिली लव मैरिज में नाकामी, रिश्ते का हुआ दर्दनाक अंत

प्यार और शादी का रिश्ता हमेशा भरोसे व आपसी तालमेल पर ही टिका होता है और जब भी इसमें कमी आती है तो रिश्ते में दरार आने लगती है। कभी कभी तो वर्षों का रिश्ता भी टूट जाता है। ऐसा ही कुछ टीवी इंडस्ट्री के कपल्स के साथ भी हुआ है। वैसे तो इन कपल्स ने लव मैरिज की थी, इसके बावजूद इनकी शादी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। आइए जानते हैं, आखिर इस लिस्ट में कौन कौन हैं शामिल…

रिद्धि डोगरा-राकेश बापट

टीवी एक्ट्रेस रिद्धि डोगरा और राकेश बापट की जोड़ी को मेड फॉर इच अदर जोड़ी कहा जाता था। दोनों ने लव मैरिज की और 7 सालों तक एक दूजे के साथ रहने के बाद एक झटके में सारे रिश्ते खत्म कर लिए। बताया जाता है कि शादी के कुछ सालों बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगे थे, जिसकी वजह से दोनों ने अपने अपने रास्ते अलग कर लिए। तलाक के बारे में एक बार राकेश बापट ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कभी कभी अलग होने का कोई कारण नहीं होता है। फर्क सिर्फ इतना है कि हमारे मामले में प्यार की परिभाषा बदल गई है।

जूही परमार-सचिन श्रॉफ

टीवी के मशहूर धारावाहिक कुमकुम से घर घर में अपनी अलग पहचान बनाने वालीं एक्ट्रेस जूही परमार की शादी सचिन श्रॉफ के साथ हुई थी। दोनों ने एक दूसरे को 5 सालों तक डेट किया और साल 2009 में सात फेरे लिए। हालांकि शादी के 1 साल बाद ही दोनों के रिश्ते में दरार आनी शुरू हो गई और इसके बाद दोनों एक दूसरे से अलग हो गए। तलाक के बाद दोनों ने अलग अलग इंटरव्यू में कहा था कि उनके रिश्ते में प्यार और भरोसा दोनों ही खत्म हो गया था।

रश्मि देसाई-नंदीश संधू

टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस रश्मि देसाई ने अपने ब्वॉयफ्रेंड नंदीश संधू संग साल 2012 में शादी रचाई थी। शादी के पहले तो दोनों के रिश्ते में काफी मजबूती थी मगर शादी के महज 4 साल बाद दोनों ने सारे रिश्ते तोड़ लिए। बताया जाता है कि रश्मि देसाई को नंदीश के एक्सट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता चल गया था, जिस वजह से रश्मि ने नंदीश से हमेशा के लिए अलग होने का निर्णय ले लिया। वहीं नंदीश ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो रश्मि के एक्सट्रा पॉजेसिव बिहेवियर से तंग आ गए थे।

डलनाज ईरानी-राजीव पॉल

डलनाज ईरानी और राजीव पॉल ने भी एक दूसरे को काफी लंबे समय तक डेट करने के बाद साल 1998 में शादी कर ली थी। दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक चल रहा था और दोनों 12 साल तक एक दूसरे के साथ भी रहे। हालांकि इसके बाद डलनाज ने राजीव पॉल से अपने सारे रिश्ते तोड़ लिए। डलनाज ने बताया था कि राजीव उन्हें धोखा दे रहे थे, इसी वजह से रिश्ते में दूरियां बढ़ती चली गईं।

जेनिफर विंगेट-करण सिंह ग्रोवर

जेनिफर विंगेट और करण सिंह ग्रोवर टीवी इंडस्ट्री के उन कपल्स की लिस्ट में शुमार हैं, जिन्होंने कभी अपने रिश्ते को नहीं छिपाया। हालांकि शादी के बाद दोनों का यही प्यार उनके रिश्ते में काल बन गया। बताया जाता है कि अपनी शादीशुदा जिंदगी संभालने के लिए जेनिफर ने अपने पूरे परिवार से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद वो करण से अपने रिश्ते को नहीं बचा सकीं।

Back to top button