समाचार

खुशी खुशी लड़की ने लिए थे 7 फेरे, पिता ने शादी के दो महीने बाद ही बना दिया विधवा

लव मैरिज आज भी देश के कई परिवारों को खटकती है। कुछ समय रहते इसे अपना लेते हैं, कुछ रिश्ते नाते तोड़ देते हैं तो वहीं कुछ तो ऐसी रंजिश रखते हैं कि हत्या तक कर देते हैं। अब ऐसा ही एक मामला अमृतसर जिले के पंधेर कलां गांव में देखने को मिला है। यहां बीते शनिवार गुरप्रीत सिंह नाम के शख्स की उसके ससुराल वालों ने कथित रूप से हत्या कर दी।

गुरप्रीत सिंह ने अपनी प्रेमिका हरप्रीत कौर से 22 नवंबर 2020 को ही शादी रचाई थी। इस शादी से लड़की के घरवाले खुश नहीं थे। तभी से वे अपने दामाद को लेकर मन में रंजिश की भावना लिए हुए थे। थाना प्रभारी मनतेज सिंह बताते हैं कि गुरप्रीत सिंह की हत्या जहरीला इंजेक्शन देकर की गई है। उसके शव के पास सिरिंज पड़ी थी और हाथ में भी टीके का निशान था।

मृतक के भाई राजू ने इस हत्या का आरोप अपने भाई के ससुरालवालों पर लगाया है। राजू के मुताबिक मेरा भाई ड्राइवर की नौकरी करता था। बीते कुछ सालों से उसका अफेयर जगीर सिंह की बेटी हरप्रीत कौर से चल रहा था। लॉकडाउन के बाद दोनों ने शादी रचा ली थी। इस बात से हरप्रीत कौर के घरवाले बहुत नाराज थे। उन्होंने कई बार अपने दामाद को मारने की योजना बनाई। बहुत बार जान से मारने की धमकियाँ भी दी। लेकिन गुरप्रीत ने कुछ नहीं कहा।

फिर शनिवार को हमारा एक रिश्तेदार सतनाम सिंह बाइक से गुरप्रीत को फतेहगढ़ छोड़ने गया था। यहाँ पर एक इनोवा गाड़ी आई और गुरप्रीत को अगवा कर ले गई। बाद में जब उसकी तलाश की गई तो शव ईंटों के भट्टे के पास मिला। राजू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महदीपुर गांव निवासी जगीर सिंह, उसके दो बेटे गुरप्रीत सिंह, मलकीयत सिंह, उसके भाई कश्मीर सिंह और 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया।

राजू के अनुसार गुरप्रीत के घर वाले कई बार उन्हें भी जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। एक बार तो वह खुद अपनी जान बचाकर भागा था। राजू की यही इच्छा है कि उसके भाई के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।

यह पूरा मामला अपने आप में काफी दुखद है। कोई अपनी ही बेटी को शादी के दो महीने बाद कैसे विधवा बना सकता है। समाज के लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है। लड़का और लड़की को बालिग होने पर अपनी मर्जी से कानूनी रूप से शादी करने का हक होता है। ऐसे में परिवार वालों को बच्चों के इस फैसले को स्वीकार करना चाहिए।

Back to top button