समाचार

नाम बदलकर प्रेमिका के साथ रह रहा था मोस्टवांटेड पपला गुर्जर, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

कुख्यात अपराधी व गैंगस्टर पपला गुर्जर की गर्लफ्रेंड को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया था। पुलिस ने बहरोड़ कोर्ट में पपला गुर्जर की गर्लफ्रेंड को पेश करते हुए उसकी रिमांड मांगी थी। पुलिस की बात को जज ने मानते हुए, पपला गुर्जर की गर्लफ्रेंड को सात दिन की रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पपला गुर्जर की गर्लफ्रेंड का नाम जिया है। जिया के माता पिता पेशे से डॉक्टर हैं। जिया तलाकशुदा है और अपने माता-पिता से भी अलग रहती है। जिया का खुद का जिम है जो कि कोल्हापुर में है।

जिया की मुलाकात पपला गुर्जर से पहली बार जिम में हुई थी। यहां पर दोनों की दोस्ती हुई थी और ये दोस्ती आगे जाकर प्यार में बदल गई। जिसके बाद ये दोनों साथ रहने लगे। पुलिस के अनुसार, जिया व पपला दोनों करीब 12 दिनों से साथ रह रहे थे। पकड़े जाने के बाद पुलिस जिया को कोल्हापुर से अलवर के बहरोड़ लेकर आई थी। यहां पर पुलिस ने जिया को कोर्ट में पेश किया और कोर्ट ने जिया को सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस को शक है कि पपला से जुड़े कई राज जिया को पता है। इसलिए जिया से पूछताछ करना बेहद ही जरूरी है।

गौरतलब है कि पपला बहरोड़ थाने से भाग गया था। लंबे समय से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। हरियाणा सहित कई राज्यों के पुलिस अधिकारियों इसकी खोज में लगे हुए थे। पपला पर पुलिस ने 5 लाख रुपए का इनामी भी रखा था। जयपुर पुलिस को पपला गुर्जर उर्फ विक्रम के महाराष्ट्र के कोल्हापुर में होने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने इसके ठिकाने पर रेड डाली थी। पुलिस को देख इसने तीसरी मंजिल से छलांग मार दी। हालांकि फिर भी इसे पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि पपला अपना नाम बदलकर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रह रहा था।

आपको बता दें कि करीब डेढ़ साल पहले यानी 6 सितंबर 2019 को बहरोड़ पुलिस ने चेकिंग के दौरान पपला को पकड़ा था। लेकिन एके-47 से लैस पपला के कुछ साथियों ने ठाने पर हमला कर दिया था और ये लॉकअप तोड़कर भगा गए थे। तभी से राजस्थान पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। अपराधी को दबोचने के लिए दो टीमें बनाई गई थीं। वहीं करीब एक हफ्ते पहले पुलिस को पपला के कोल्हापुर में होने के जानकारी मिली थी।  इसके बाद एक टीम को कोल्हापुर भेजा गया।

टीम ने एक सप्ताह तक इसकी छानबीन की। जिसके बाद पुलिस को एक मकान में पपला के होने की जानकारी मिली थी। 27-28 जनवरी की रात यानी बुधवार रात को ऑपरेशन चलाकर पपला को पकड़ा गया। पपला कोल्हापुर में ऊदल सिंह के नाम से रह रहा था। उसके पास से इस नाम का फर्जी आधार कार्ड भी मिला है।

एएसपी सिद्धांत शर्मा ने बताया कि पपला के पकड़े जाने के बाद जांच जारी है। सूबे की पुलिस बहरोड़ थाने से भाग जाने के बाद से उसकी तलाश कर रहे थे। काफी मशक्कत और इंतज़ार के बाद पपला तक पुलिस पहुंची थी। जिया उसके साथ पिछले करीब 12 दिनों से ही रह रही थी। लेकिन शायद उसे उसके बारे में कुछ पता हो सकता है।

Back to top button