समाचार

महिलाओं के लिए आपत्तिजनक बताते हुए MYNTRA पर हुआ केस दर्ज, पुलिस से मांग एक महीने का समय

ई-कॉमर्स वेबसाइट मिंत्रा के खिलाफ मुंबई साइबर क्राइम पुलिस में एक केस दर्ज किया गया था, जिसमें इस कंपनी के लोगो को ‘आपत्तिजनक’ बताया गया था। ये केस दिसंबर 2020 में एनजीओ अवेस्ता फाउंडेशन की नाज पटेल द्वारा दर्ज किया गया था। अब इस केस के चलते मिंत्रा ने अपना ये लोगो हटाने का ऐलान कर दिया है और पुलिस से ऐसा करने के लिए थोड़ा समय मांगा गया है।

एनजीओ  की ओर से पुलिस में दर्ज की गई शिकायत में कहा गया था कि कंपनी का लोगो महिलाओं के लिए ‘आपत्तिजनक’ है। इस मामले में मुंबई साइबर क्राइम पुलिस ने मिंत्रा कंपनी को नोटिस भी दिया था। जिसके बाद कंपनी ने अपना लोगो हटाने के लिए समय मांगा था। जानकारी के मुताबिक एनजीओ अवेस्ता फाउंडेशन की नाज पटेल ने मुंबई साइबर सेल में केस दर्ज कराते हुए कहा था कि मिंत्रा का लोगो तुरंत हटाया जाए। साथ ही इस मामले में कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। नाज पटेल ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर भी उठा था और इस लोगो को महिलाओं के लिए ‘आपत्तिजनक’ बताया था। वहीं अब इस मामले में मुंबई पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा कि कंपनी ने लोगो में बदलाव के लिए एक महीने का समय मांगा है।

मुंबई पुलिस के साइबर क्राइम विभाग की डीएसपी रश्मि करंदीकर ने बताया कि जांच के दौरान हमने मिंत्रा का लोगो महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक पाया था। इसके बाद ईमेल के माध्यम से मिंत्रा से संपर्क किया गया था। जिसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने आकर पुलिस से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान कंपनी ने लोगो में बदलाव के लिए एक महीने का समय मांगा था।

लोगो पर आपत्ति होने के बाद मिंत्रा की ओर से अब कहा गया है कि वो अपनी वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन पर जल्द ही लोगो को बदल देंगे। इसके अलावा पैकिंग मैटीरियल पर भी लोगो में बदलाव किया जाएगा। नए लोगो के साथ पैकिंग मैटीरियल छपाई के लिए भेज दिया गया है। ये काम जल्द ही पूरा हो जाएगा।

Back to top button