विशेष

घर में लगातार बनी रहती हैं परेशानियां, तो आजमाएं कपूर के ये टोटके

घर के सही वास्तु से परिवार के सदस्यों के भाग्य में वृद्धि होती है। वहीं अगर वास्तु में दोष हो तो घर के सभी लोगों को दुर्भाग्य का सामना करना पड़ता है। वास्तु दोष होने से घर में धन धान्य की कमी होती है, कार्यों में परेशानी होती है, तरक्की रूकती है और परिवार के सदस्यों के बीच झगड़े भी बढ़ने लगते हैं।

बहरहाल, अगर कोई दोष है तो उसका समाधान भी मौजूद है। ऐसे में आज हम आपको वास्तु दोष दूर करने के कुछ घरेलू उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं। जी हां, इस आर्टिकल में आपको कपूर से वास्तु दोष दूर करने के कुछ कारगर तरीकों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं, क्या हैं वो तरीके…

कपूर के इन उपायों से दूर होंगे वास्तु दोष

हर घर में पाया जाने वाला कपूर बेहद लाभकारी है। इससे घर का वातावरण तो शुद्ध होता ही है, साथ ही साथ इससे वास्तुदोष भी दूर होते हैं। जी हां, कपूर के प्रयोग से वास्तुदोष खत्म होते हैं और घर में सकारात्मक उर्जा का संचार होने लगता है।

अगर आप चाहते हैं कि आपके घर से नकारात्मक उर्जा खत्म हो और सुख समृद्धि फैले, तो आपको हर रोज सुबह शाम कपूर जरूर जलाना चाहिए। ध्यान रहे, कपूर जलाने से पहले उसे देशी घी में डुबो दें। इसके बाद इसे जलाकर पूरे घर में इसकी खूशबू फैलाएं।

माना जाता है कि इससे वायु में मौजूद बैक्टिरिया खत्म होते हैं और घर में जहां कहीं भी निगेटिव एनर्जी होती है, वो पूरी तरीके से नष्ट हो जाती है। यही नहीं अगर आपके घर के किसी सदस्य को बुरे सपने आते हैं तो इस उपाय से बुरे सपनों से भी छुटकारा मिलता है।

अगर आपके घर के किसी स्थान में वास्तुदोष है तो उस स्थान पर कपूर की दो टिकिया रखकर उसे वहीं जलाएं। जब वह समाप्त हो जाएं तो दोबारा 2 टिकिया रख दें। इस कार्य को बार बार दोहराते रहें। माना जाता है कि ऐसा करने से घर के उस स्थान का वास्तुदोष खुद ही समाप्त हो जाता है।

स्नान से पहले पानी में कपूर के तेल की कुछ बूंदें डाल दें। इससे आपके शरीर में एक नई चुस्ती और स्फूर्ति आएगी, साथ ही आपका भाग्य भी चमकेगा और रूके हुए कार्य भी पूरे हो जाएंगे। कपूर के तेल की बूंदों के साथ अगर चमेली का तेल मिल जाए तो वो भी डाल दें। इससे राहु, केतु और शनि का दोष भी दूर होता है। ध्यान रहे, ये उपाय सिर्फ शनिवार को ही करें।

अगर आप आर्थिक तंगी से परेशान हैं और घर से इस समस्या को दूर करना चाहते हैं तो कपूर का ये उपाय आपके लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। इसके लिए आप रात में रसोई का काम खत्म होने के बाद रसोई को अच्छी तरह से साफ कर लें और इसके बाद चांदी की कटोरी में लौंग और कपूर जलाएं। ये बेहद लाभकारी नुस्खा है। इस नुस्खे को अगर आप रोजाना करेंगे तो आपके घर मां लक्ष्मी का वास होगा और आपके घर पैसों की कभी कमी नहीं होगी।

Back to top button