समाचार

पांच महीने में 6,799 रुपए टूटा सोने का भाव, चांदी में भी आई भारी गिरावट-जानें इनकी कीमत

सोने की कीमत में बड़ी गिरावट आई है और ये 6799 रुपए टूट गया है। शुक्रवार को सोने की कीमत एमसीएक्स एक्सचेंज पर 49327 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई है। सोने के भाव अपने पिछले उच्च स्तर की तुलना में काफी अधिक गिर चुके हैं। पिछले एक हफ्ते में 24 कैरेट सोना 1094 रुपए प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। सोने के साथ ही चांदी भी अब कमजोर हो गई है। अगस्त में 76008 रुपए प्रति किलो तक मजबूत हुई चांदी इस हफ्ते 6,927 रुपए कमजोर हो गई।

पिछले साल के उच्च भाव से चांदी 10,588 रुपए प्रति किलो तक सस्ती हुई है। सर्राफा बाजार में शुक्रवार को चांदी का भाव 65420 और सोने का हाजिर भाव 49327 रुपए पर बंद हुआ है। दरअसल सर्राफा बाजारों में 7 अगस्त 2020 को सोने का हाजिर भाव 56,254 पर खुला था। ये काफी ऊंचा भाव था। इसके बाद शाम को ये थोड़ी गिरावट के बाद 56,126 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। दूसरी ओर चांदी इस दिन 76008 रुपए प्रति किलो के रेट से खुली थी और 75013 रुपए पर बंद हुई थी।

आपको बता दें कि सोने का भाव 16 मार्च 2020 को 38,400 रुपए प्रति 10 ग्राम था। लेकिन कोरोना वायरस के कारण सोने व चांदी के भाव में एक दम से उछाल आ गया था। मार्च 2020 से ही चांदी व सोने के दाम कम होने का नाम नहीं ले रहे थे। वहीं अब इतने महीनों बाद इन दोनों के दामों गिरावट आई है।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंसियल सविर्सिज के जिंस शोध के उपाध्यक्ष नवनीत दमानी के अनुसार आने वाले समय में इनमें उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। हाल के दिनों में सोने का भाव ऊंचाई से गिरकर 50,000 रुपए के नीचे आया है, जबकि चांदी 60,000 से 65500 रुपए के दायरे में आई है। वहीं केडिया कैपिटल के डायरेक्टर और रिसर्च हेड अजय केडिया का कहना है कि यानी अगले कुछ महीनों में सोना 60 से 70 हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच सकता है।

इस वजह से गिरे भाव

कोरोना वायरस के कारण ही सोने व चांदी के दामों में एकदम से इजाफा हुआ था। दरअसल कोरोना वायरस महामारी की वजह से शेयर मार्केट में जो गिरावट आई थी, उसका असर इनके दामों पर पड़ा था। वहीं अब शेयर मार्केट में जो गिरावट आई थी, उससे बाजार उबर रहा है और ऐसा होने से सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव नजर आ रही है।

Back to top button