राजनीति

बिहार कांग्रेस को लगने वाला है एक ओर झटका, पार्टी के 11 विधायक जल्द हो सकते हैं एनडीए में शामिल

हाल ही में बिहार में विधानसभा चुनाव हुए थे। इस चुनाव में राजद गठबंधन को बेहद ही कम सीटों के कारण हार का सामना करना पड़ा था और बीजेपी के गठबंधन को जीत मिली थी। जिसके साथ ही राज्य में एनडीए की सरकार बनीं थी। वहीं अब कांग्रेस नेता भरत सिंह ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के 11 विधायक जल्द ही एनडीए का हिस्सा बन सकते हैं। इस दावे से एक बार फिर से सियासी भूचाल आ गया है और बीजेपी पर कई तरह के आरोप लगाए जा रह हैं।

कांग्रेस नेता भरत सिंह

दरअसल कांग्रेस नेता भरत सिंह ने दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी बड़े नुकसान की तरफ बढ़ रही है। वो इस बारे में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजित शर्मा को भी बता चुके हैं। साथ ही, उन 11 विधायकों के नाम की जानकारी भी उन्हें दे चुके हैं। जो की बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। भरत सिंह का कहना है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा भी पार्टी छोड़ने वालों में शामिल हैं।

भरत सिंह ने मदन मोहन झा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये अब अशोक चौधरी के रास्ते पर जा रहे हैं। कांग्रेस के 11 विधायकों ने पैसे देकर टिकट लिया था और चुनाव जीता था। हालांकि, ये सभी जल्द ही एनडीए में शामिल हो जाएंगे।

पार्टी में होने वाले हैं कई फेरबदल

आपको बात दें कि भरत सिंह ने ही कांग्रेस को राजद से गठबंधन खत्म करने की सलाह दी थी। इन्होंने विधानसभा चुनाव 2020 में खराब प्रदर्शन के बाद कहा था कि बिहार कांग्रेस में सिर-फुटव्वल चल रहा है। पार्टी के नेताओं में आपसी मतभेद हो रहे हैं। वहीं जानकारी के मुताबिक, विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद बिहार कांग्रेस में जल्द ही फेरबदल होगा।

दरअसल बिहार में राजद गठबंधन को मिली हार के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार माना जा रहा है। ऐसे में अपनी छवि बचाने के लिए कांग्रेस के नेता भरत सिंह ने राजद से गठबंधन खत्म करने की सलाह दी थी। दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के नेतृत्व वाले महागठबंधन ने 110 सीटों पर जीत दर्ज की थी। महागठबंधन में शामिल राजद ने 75 सीटों पर, कांग्रेस ने 19 सीटों पर, भाकपा माले ने 12 सीटों पर, भाकपा एवं माकपा ने दो-दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं एनडीए ने 125 सीटों पर जीत दर्ज की थी। एनडीए में बीजेपी ने 74 सीटों पर, जदयू ने 43 सीटों पर, विकासशील इंसान पार्टी ने 4 सीटों पर और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है।

Back to top button