बॉलीवुड

एक-दूसरे पर छिड़कते थे जान, लेकिन नसीब नहीं हुआ इन टीवी कपल्स को जिंदगी भर का साथ

मशहूर टीवी एक्ट्रेस गौहर खान की हाल ही में शादी हुई है। बीतें दिनों वे लखनऊ जा रही थीं, मगर उन्हें क्या मालूम था कि फ्लाइट में वे अपने एक्स कुशाल टंडन से टकरा जाएंगी। हालांकि, मिलने पर कुशाल ने गौहर को न सिर्फ बधाई दी, बल्कि सोशल मीडिया में इसके बारे में पोस्ट भी किया। ऐसे कई टीवी कपल्स हैं, जो अलग हो चुके हैं, मगर दोस्ती उनकी अब भी बरकरार है।

शरद मल्होत्रा और दिव्यांका त्रिपाठी

दोनों ने सीरियल ‘बनूं मैं तेरी दुल्हन’ में रोमांस किया था और असल जिंदगी में भी दोनों एक-दूजे से प्यार कर बैठे थे। इनका रिश्ता लगभग 10 वर्षों तक चला था। शादी तक के सपने इन्होंने संजो लिए थे, मगर किसी वजह से इनका ब्रेकअप हो गया। इसके बाद तो दोनों को एक-दूसरे से गहरी नफरत हो गई थी, पर 2016 में विवेक दहिया से दिव्यांका की शादी होने पर शरद ने उन्हें बधाई दी थी। डिजाइनर रिप्सी भाटिया से 2019 में शरद ने भी शादी कर ली। दिव्यांका और शरद दोनों अब अच्छे दोस्त बने हुए हैं।

कुशाल टंडन और गौहर खान

बिग बॉस 7 में मुलाकात के बाद दोनों की दोस्ती सुर्खियां बटोरने लगी थी। बिग बॉस के बाद भी दोनों अक्सर साथ दिखने लगे। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया था। कई वर्षों के साथ के बाद अचानक दोनों का ब्रेकअप हो गया। फिर भी दोस्ती इनकी कायम रही। कुशाल के रेस्टोरेंट के उद्घाटन में जहां गौहर पहुंची थीं, वहीं जैद और गौहर की शादी में जाने की कुशाल ने बहुत कोशिश की थी, लेकिन अपने व्यस्त शेड्यूल की वजह से नहीं पहुंच सके थे।

प्रियांक शर्मा और दिव्या अग्रवाल

दोनों का रिश्ता बेहद खूबसूरत था, मगर बिग बॉस 11 में प्रियंका के हिस्सा लेने के बाद यह टूट गया। इसके बाद भी इन्होंने दोस्ती अपनी नहीं तोड़ी। प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की शादी में साथ दिखने पर इन्होंने अपने बीच सब ठीक बताया था। दोनों ने एक-दूसरे की तारीफ भी की थी।

करण कुंद्रा और कृतिका कामरा

सीरियल ‘कितनी मोहब्बत है’ में करण और कृतिका की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद असल जिंदगी में भी दोनों एक-दूसरे से प्यार कर बैठे थे। हालांकि, किसी वजह से इनका रिश्ता टूट गया और दोनों अलग हो गए। इनका ब्रेकअप जरूर हो गया, मगर इनकी दोस्ती कायम रही। एक शो में दोनों ने बाद में साथ में काम तो किया ही, साथ ही कई इवेंट्स में भी दोनों को साथ देखा गया है।

राकेश बापट और रिद्धी डोगरा

टीवी सीरियल ‘मर्यादा: लेकिन कब तक’ में साथ काम करते हुए दोनों को प्यार हो गया और 2011 में दोनों शादी के बंधन में भी बंध गए, लेकिन लॉकडाउन के वक्त दोनों ने अलग होने का ऐलान कर दिया। वैसे, इन्होंने अपनी दोस्ती बरकरार रखी है। रिद्धी डोगरा यह बता भी चुकी हैं कि उनके बीच गहरी दोस्ती है। यह हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने यह महसूस किया कि दोनों दोस्त के रूप में ही एक-दूसरे के लिए बने हैं, पार्टनर्स के रूप में नहीं

गौरव चोपड़ा और नारायणी शास्त्री

इन दोनों को भी जब प्यार हुआ था तो पूरी दुनिया को खबर हो गई थी। एक-दूसरे पर दोनों जान छिड़क रहे थे। हमेशा के लिए एक हो जाना चाहते थे, लेकिन किस्मत ने उन्हें जिंदगी भर के लिए साथ नहीं रहने दिया। अलग होने के बाद भी दोनों अच्छे दोस्त बने रहे। राजीव खंडेलवाल के शो ‘जज़्बात’ में गौरव और नारायणी को साथ में शामिल होते हुए भी देखा गया था।

राहुल महाजन और डिंपी गांगुली

टीवी शो वाले स्वयंवर के दौरान दोनों ने शादी रचा ली, मगर इसके कुछ समय के बाद दोनों के रिश्ते में कड़वाहट आ गई। घरेलू हिंसा और मारपीट तक के आरोप डिंपी गांगुली ने तब राहुल महाजन पर लगा दिए थे। दोनों का तलाक भी हो गया। वैसे, बिग बॉस 8 में दोनों के बीच खूब दोस्ती देखने के लिए मिली थी।

पढ़ें राहुल रॉय से लेकर अभिजीत सावंत तक, रियलिटी शो जीतकर भी बॉलीवुड में नाम नहीं कमा पाए ये स्टार

Back to top button