समाचार

शादी के 17 दिन बाद बाथरूम में मिली इंजीनियर बहू की लाश, पति ने पुलिस को सुनाई कई सारी कहानियां

उत्तर प्रदेश के कानपुर में आरजू गुप्ता (26) नामक एक लड़की की हाल ही में शादी हुई थी और शादी के 17 दिन बाद आरजू की मौत हो गई। आरजू की मौत उसके ससुराल में हुई है। ससुराल वालों की ओर से पुलिस को आरजू की मौत की सूचना दी गई थी। जब पुलिस आरजू के घर आई तो उसका शव बाथरूम से मिला। पुलिस ने आरजू का पोस्टमार्टम करवाया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आरजू की मौत की वजह दम घुटना बताई गई।

मध्यप्रदेश के शहडोल निवासी ईंट कारोबारी नीरज कटारे ने अपनी इकलौती बेटी आरजू कटारे की शादी इसी महीने 8 दिसंबर को नौबस्ता के केशवनगर निवासी अमनदीप से की थी। अमनदीप बंगलुरू में इंजीनियर है और आरजू भी पेशे से एक इंजीनियर थी। इस शादी से आरजू खुश थी और शादी के बाद भी आरजू ने अपनी कई सारी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर रखी थी। ऐसे में आरजू की हत्या किसने और किस वजह से की है ये पुलिस के लिए एक गुत्थी बन गई हैं।

पति ने दी मुखाग्नि

रविवार को पुलिस पति अमनदीप व ससुर को हिरासत में लेकर घाट पर पहुंची थी। यहां पर शव का अंतिम संस्कार किया गया और अमनदीप ने पत्नी के शव को मुखाग्नि दी। वहीं आरजू की जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई। तो उसमें आरजू की मौत की वजह दम घुटना बताई गई। आरजू के मुंह, गले और चेहरे के आसपास निशान भी मिले हैं। होठों पर सूजन भी थी। माना जा रहा है कि तकिये जैसी किसी वस्तु से उसके मुंह और नाक को दबाया गया जिससे दम घुटा और मौत हो गई।

दूसरी ओर आरजू के परिवार वालों ने अमनदीप और उसके परिवार वालों के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया है। आरजू के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रविवार रात आरोपी ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या, दहेज के लिए प्रताड़ित करने समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि एफआईआर कॉपी में किसी भी ससुरालीजन के नाम का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

पुलिस ने अभी तक की अपनी जांच में पाया है कि आरजू की बेड पर तकिये से मुंह और नाक दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बाथरूम में ले जाकर रख दिया गया। इसीलिए बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। धक्का मारते ही दरवाजा खुल गया था। वहीं ससुराल वालों का दावा है कि आरजू की मौत बाथरूम में गिरने से हुई थी। बाथरूम में गीजर चल रहा था। वह नहाने जा रही थी और इस दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि पुलिस का कहना है कि अगर गिरने से मौत होती तो सिर पर आगे या पीछे कहीं चोट जरूर लगती।

आरजू के पिता नीरज के अनुसार अमनदीप ने उन्हें आरजू की मौत की कई वजह बताई। कभी उसने कहा कि उसकी मौत पैर फिसलने से हुई है। तो कभी कहा कि करंट लगने के कारण। आरजू के पिता के अनुसार उन्होंने 28 लाख रुपए अपनी बेटी की शादी पर खर्च किए थे। अगर अमनदीप को ओर पैसे चाहिए थे तो वो मांग लेता, कम से कम बेटी तो बच जाती। वहीं अमनदीप का कहना है कि उसका पैकेज 38 लाख का है और उसे पैसों का लालच नहीं है। लेकिन जब पुलिस अमनदीप से मौत की वजह पूछ रही है तो वो छुप हो जा रहा है। ऐसे में शक है कि अमनदीप पुलिस से कुछ छुपा रहा है।

Back to top button