विशेष

ये हैं साल 2020 की 8 बड़ी घटनाएं, जिन पर रही पूरे देश की नजर

साल 2020 को अब अलविदा कहने का वक्त आ चुका है। ये साल पूरी दुनिया के लिए चुनौतियों से भरा रहा। ऐसे में सभी को नए साल यानी 2021 से उम्मीदें लगी हुई हैं। हर कोई 2020 को भुलाकर 21 में एक नई शुरूआत करना चाहता है। मगर बीते साल कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं, जो लोग शायद ही कभी भूल पाएंगे। तो आज हम इस आर्टिकल में आपको 2020 में हुए कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं से रूबरू करवाने जा रहे हैं….

दिल्ली दंगा

साल की शुरूआत सीएए और एनआरसी विरोध के साथ हुई थी, शाहीन बाग इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य केंद्र बना रहा लेकिन फरवरी के आते आते दिल्ली में इस विरोध की आग भड़कने लगी और धीरे धीरे दिल्ली दंगों के चपेट में आ गई। इस सांप्रदायिक दंगों में 53 लोगों ने जान गंवाई और सैकड़ों लोग बुरी तरह से घायल हुए।

कोरोना वायरस ने मचाई तबाही

दिल्ली दंगे से उबरे भी नहीं थे कि देश में कोरोना वायरस ने दस्तक दे दी और धीरे धीरे अपनी जड़ें जमानी शुरू कर दी। हालांकि जनवरी 2020 में ही देश में कोरोना आ चुका था, मगर मार्च आते आते इसने कहर ढाना शुरू कर दिया। इसकी वजह से पूरे देश में लॉकडाउन लगा और लोगों की भारी मात्रा में जानें गईं।

हाल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 करोड़ से भी अधिक लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं, वहीं 1.5 लाख लोग इस वायरस की वजह से अपने जान से हाथ धो बैठे हैं।

निर्भया के दोषियों को हुई फांसी

20 मार्च 2020 वो तारीख है, जब निर्भया के दोषियों पवन, मुकेश, अक्षय और विनय को फांसी हुई। इस दिन को हमेशा के लिए इंसाफ दिवस के रूप में याद रखा जाएगा। जब इन दरिंदों को फांसी हुई तो पूरे देश ने चैन की सांस ली थी।

गलवान घाटी हिंसा

15 और 16 जून की रात को भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुए झड़प में 20 भारतीय जवान शहीद हो गए थे। वहीं भारत की तरफ से  कहा गया कि इस मुठभेड़ में 40 चीनी जवान मारे गए हैं, हालांकि इस बात की पुष्टि चीन ने नहीं की।

दरअसल ये विवाद 5 और 6 मई की रात को शुरू हुई थी, जिसमें धीरे धीरे हालात बिगड़ते चले गए और 15-16 जून को हिंसक झड़प हुई। इसके बाद भारत ने चीन पर कई तरह के कड़े प्रतिबंध लगा दिए जिससे चीन को करोड़ों डॉलर का नुकसान हुआ।

सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस

साल 2020 बॉलीवुड के इतिहास का सबसे खराब साल रहा है। इस साल इंडस्ट्री के कई सितारों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। इसमें ऋषि कपूर, इरफान खान समेत अन्य सितारे शामिल हैं। मगर सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।

इस केस के सामने आने के बाद एक बड़ी बहस ये शुरू हो गई थी कि आखिर सुशांत ने आत्महत्या की है या हत्या हुई है। इस मामले में उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती का नाम खूब उछाला गया।

इसके बाद इस केस में ड्रग्स एंगल के जुड़ जाने से कई बॉलीवुड सितारे इस पूरे केस के जद में आ गए। ड्रग्स मामले में दीपिका पदुकोण से लेकर सारा अली खान जैसे एक्ट्रेस से भी पूछताछ हुई।

राफेल विमानों का आगमन

27 जुलाई 2020 को फ्रांस से पांच राफेल विमानों के आने से वायुसेना की ताकत काफी बढ़ गई। ये लड़ाकू विमान अब भारतीय वायुसेना में आधिकारिक रुप से शामिल कर लिए गए हैं।

बता दें कि 27 जुलाई के बाद 3 नवंबर को दूसरी खेप में 3 और राफेल विमान भारत आए हैं। ऐसे में अब कुल राफेल विमानों की संख्या 8 हो गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल विमानों का सौदा किया है।

राम मंदिर शिलान्यास

नवंबर 2019 में राम मंदिर-बाबरी मस्जिद विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम निर्णय दिया था। इसके बाद अगस्त 2020 में राम मंदिर शिलान्यास की नींव रखी गई। इस कार्यक्रम में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर का शिलान्यास किया।

बिहार विधानसभा चुनाव

भारत जैसे देश में चुनाव होना वैसे तो आम बात है, मगर इस बार बिहार विधानसभा चुनाव इसलिए खास रहा क्योंकि पूरा देश कोरोना जैसे विपरित परिस्थितियों में फंसा है इसके बावजूद चुनाव आयोग ने बिहार में विधानसभा चुनावों को बेहद ही अच्छे तरीके निपटाया।

बिहार में चुनावी सरगर्मी भी काफी तेज रही। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा को काफी कड़ी टक्कर दी और बिहार में उनकी पार्टी राजद सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि भाजपा की मदद से जदयू लगातार चौथी बार सरकार बनाने में कामयाब रही।

किसान आंदोलन

साल के शुरूआत में दिल्ली सीएए-एनआरसी का विरोध झेल रही थी, तो इस साल के अंत में दिल्ली किसानों के गुस्से का शिकार बन गई। इन दिनों दिल्ली के कई बॉर्डर पर किसान आंदोलन कर रहे हैं। दरअसल किसानों की ये मांग है कि मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए कृषि कानूनों को रद्द किया जाए।

Back to top button