समाचार

शादी के नाम पर कुंवारे लड़कों से हो रहा है फ्रॉड, मीठी-मीठी बात कर महिलाएं ठग रही हैं पैसे

उत्तर प्रदेश में एक गैंग कुंवारे लड़कों को अपना निशाना बना रहा है और इन्हें शादी के जाल में फंसाकर इनसे ठगी कर रहा है। कुंवारे लड़कों के साथ शादी के नाम पर ठगी के दो मामले सामने आए हैं। जिसमें से एक मामला मथुरा के रहने वाले दीपक का है। दीपक सिंह के अनुसार वो टैक्सी चलता हैं। दो महीने पहले वो अपनी सवारियां लेकर कहीं जा रहा था। तभी रास्‍ते में उन्‍हें एक टैक्‍सी चालक मिला। जिससे दीपक ने कुछ देर बात की। इस दौरान दीपक ने उसे बताया कि वो कुंवारा है। ये बात जाने के बाद उसने दीपक से कहा कि उसके रिश्तेदार की एक बेटी है। जिससे वो उसकी शादी करवा देगा। ये वादा करते हुए आरोपी ने दीपक को लड़की फोटो भी दिखाई।

दीपक को लड़की पसंद आ गई और दीपक ने शादी के लिए हां कर दिया। आरोपी ने दीपक को एक फोन नंबर दिया और कहा कि इस पर बात करके बात आगे बढ़ा ले। दीपक ने उस नंबर पर फोन किया। लड़की ने दीपक का फोन उठाया और दीपक से बात करना शुरू कर दी। बात करते हुए लड़की ने दीपक से कहा कि उसका पिता बीमार है और वो बेहद ही गरीब है। इस तरह से दीपक और इस लड़की के बीच कई समय तक बात होती रही। एक दिन लड़की ने दीपक से अपने पिता की बात करवाई और एक हफ्ते के अंदर ही लड़की दिखाने की बात फिक्‍स हो गई।

 

दीपक ने अपने घर वालों को भी रिश्ते के बारे में बताया और उसके परिवार वाले भी लड़की देखने के लिए राजी हो गए। लड़की दिखाने की तारीख से दो दिन पहले लड़की का दीपक के पास फोन आया। लड़की ने दीपक से कहा कि पिता की तबियत अचानक खराब हो गई है और उसे 8 हजार रुपये चाहिए। दीपक ने ये बात अपने भाई को बताई। दीपक के भाई ने उसे कहा कि वो पहले लड़की के गांव जाए। भाई की बात को मानते हुए दीपक ने लड़की के गांव का पता किया। लेकिन लड़की की और से बताई गई सारी जानकारी गलत निकली। दीपक ने पैसे नहीं दिए तो लड़की ने नंबर बंद कर दिया।

दीपक के साथ हुए धोखे की जानकारी हर रिश्तेदार तक पहुंच गई। इसी दौरान दीपक को पता चला की उसके एक रिश्तेदार को भी इसी तरह से ठगने की कोशिश की गई। एक प्राइवेट कंपनी में काम कर रहे प्रवेश को दिल्‍ली-आगरा हाइवे पर एक व्यक्ति मिला। जिसने घर का हालचाल पूछने के बाद कुंवारे प्रवेश के सामने शादी का प्रस्‍ताव रखा। दीपक की तरह ही प्रवेश को लड़की की फोटो दिखाई गई और एक नंबर दिया गया। प्रवेश ने लड़की से फोन पर बात की और लड़की ने उससे कहा कि वो अपने घर का पूरा खर्च उठाती है। क्योंकि उसके पिता नहीं है। साथ में ही लड़की ने प्रवेश से मिलने का वादा भी किया।

हालांकि मिलने से एक दिन पहले लड़की ने प्रवेश को फोन किया और कहा कि उसके पास कपड़े नहीं हैं। साथ में ही उसकी मां की तबीयत भी खराब है। ये बात सुनकर प्रवेश ने चार हजार रुपये खाते में डाल दिए। इसके बाद फिर उसने कुछ पैसों की कमी होने की बात प्रवेश से कही और प्रवेश ने दो हजार रुपए उसे दे दिए। प्रवेश ने अपने रिश्तेदार को ये बात बताई। रिश्तेदार ने उसे ये ठगी का मामला बताया। जिसके बाद प्रवेश ने पुलिस में शिकायत की। जांच में पता चला कि उस नंबर से प्रवेश को फोन किया जा रहा था। वो एक शादीशुदा महिला था।

Back to top button