विशेष

कहीं धनतेरस पर आपके साथ ना हो जाए धोखाधड़ी, ऐसे करें चांदी के सिक्के की पहचान

दीपावली का त्यौहार बहुत ही जल्द आने वाला है परंतु दीपावली से पहले धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। धनतेरस पर लोग जमकर खरीदारी करते हैं। धनतेरस के मौके पर लोग बर्तन, सोने-चांदी के आभूषण आदि चीजों की खरीदारी करते हैं। धनतेरस पर ज्यादातर सभी लोग चांदी का सिक्का जरूर खरीदते हैं। इस दिन सोने-चांदी की खरीदारी करना बेहद शुभ माना गया है। दीपावली की पूजा में चांदी का सिक्का का प्रयोग बहुत ही शुभ होता है। धनतेरस पर लगातार चांदी के सिक्के की बढ़ती मांग को देखते हुए मार्केट में असली और नकली चांदी के सिक्के की भरमार रहती है। ऐसी स्थिति में इनको पहचान पाना बहुत ही मुश्किल है।

अगर आप चांदी का सिक्का धनतेरस पर खरीदने जा रहे हैं तो इस बात का पता कैसे करें कि चांदी का सिक्का असली है या नकली? आज हम आपको इस लेख के माध्यम से चांदी का सिक्का खरीदते समय किन-किन तरीकों से आप असली और नकली की पहचान कर सकते हैं, इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

चांदी के सिक्के पर हॉलमार्किंग

जिस प्रकार सोने पर हॉलमार्किंग होती है उसी प्रकार चांदी की भी हॉलमार्किंग होती है। अगर चांदी के सिक्के पर हॉलमार्किंग है तो वह असली सिक्का है। अगर सिक्के पर हॉलमार्किंग का निशान नहीं हुआ तो ऐसी स्थिति में वह चांदी का सिक्का नकली है।

चुंबक से कर सकते हैं जांच

अगर धनतेरस पर चांदी का सिक्का खरीदने का आपका प्लान बन चुका है तो आप अपने साथ चुंबक लेकर दुकान पर जरूर जाएँ। जो चांदी का सिक्का आप खरीदना चाहते हैं उसे चुंबक के पास लेकर जाएँ। अगर चुंबक से वह सिक्का आकर्षित हो रहा है तो यह सिक्का नकली है। आपको बता दें कि चांदी चुंबकीय धातु नहीं है, इसी वजह से चुंबक चांदी की तरफ आकर्षित नहीं होता है।

बर्फ से करें असली-नकली की पहचान

अगर आप चांदी का सिक्का खरीदने जा रहे हैं तो आप असली और नकली की पहचान बर्फ की मदद से भी कर सकते हैं। आप एक बर्फ के टुकड़े पर चांदी का सिक्का रखें। अगर बर्फ तेजी से पिघलती है तो समझ लीजिए कि वह सिक्का असली है। अगर बर्फ धीरे-धीरे देर में पिघल रही है तो ऐसी स्थिति में सिक्का नकली है।

सिक्के को साफ फर्श पर गिरा कर करें चेक

चांदी के सिक्के के असली और नकली की पहचान आप उसकी खनक से भी कर सकते हैं। अगर आप चांदी का सिक्का खरीद रहे हैं तो उस सिक्के को आप साफ फर्श पर गिरा कर देखिए। अगर उस सिक्के से गिरते समय छन्न की आवाज आती है तो ऐसी स्थिति में वह सिक्का नकली होता है। आपको बता दें कि जो चांदी का सिक्का असली होता है, वह ठोस रहता है। ऐसे में असली चांदी के सिक्के को जमीन पर गिराया जाता है तो उससे छन्न की आवाज नहीं बल्कि ठक की आवाज उत्पन्न होती है। आप इस आसान तरीके से असली और नकली चांदी के सिक्के की पहचान कर सकते हैं।

उपरोक्त आपको चांदी के सिक्के की जांच की प्रक्रिया बताई गई है। आप इन आसान तरीकों से असली और नकली चांदी के सिक्कों की पहचान कर सकते हैं ताकि आप धोखाधड़ी के शिकार होने से बच सकें।

Back to top button