दिलचस्प

अनोखी सजा : कब्रिस्तान में लाये जा रहे हैं मास्क ना पहनने वाले लोग और खुदवाया जा रहा है कब्र

कोरोना वायरस ने किसी एक देश को ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। आए दिन संक्रमितों के आंकड़े बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही कोरोना से लोगों की मौत भी होती जा रही है। इस वायरस से भारत, अमेरिका, इटली, स्पेन, इंडोनेशिया, चीन जैसे कई देश प्रभावित हैं। हालांकि जिस तरह संक्रमण और मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है वैसे वैसे लोगों में लापरवाही भी बढ़ती जा रही है। अभी तक इस बीमारी का कोई इलाज भी नहीं ढूंढ पाया है। कई देश कोरोना की वैक्सीन बनाने में जुटे हैं, लेकिन अभी तक किसी को सफलता नहीं हासिल हुई है। हालांकि इसमें बहुत से लोग ऐसे हैं जो मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी ढंग से नहीं कर रहे है। ऐसे में इंडोनेशिया में ऐसे लोगों को अनोखी सजा दी जा रही है जो मास्क पहनने से इनकार कर रहे हैं।

कब्रिस्तान में लाये जा रहे हैं मास्क ना पहनने वाले लोग

कोरोना वायरस एक ऐसी महामारी है जिसे अभी तक कोई भी देश नहीं रोक पाया है और सभी इससे पीड़ित हैं। कोरोना का इलाज नहीं मिला है इसलिए लोग इससे बचने को ही इसका इलाज बता रहे हैं। ये ही वजह है कि कई देशों ने कोरोना से बचने के लिए कई तरह के नियम लागू किए। कई देशों में लॉकडाउन लगाया गया तो कहीं दूसरे तरह के नियम बनाए गए। इसके साथ ही सरकार की पूरी कोशिश रही है कि इन नियमों का सख्ती से पालन किया जाए।

बहुत से देश ऐसे भी हैं जो मास्क ना पहनने वालों और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन ना करने वालों को सख्त सजा भी दे रहे है। कई जगहों पर लोगों को जेल की सजा भी देना शुरु किया गया तो वहीं कई लोगों से नियम ना मानने पर फाइन भी लिया गया। हालांकि इंडोनेशिया में मास्क ना पहनने वालों को एक अलग तरह की सजा देना शुरु किया गया है। यहां जो लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं उन्हें सीधे कब्रिस्तान ले जाया जाता है।

खुदवाई जाती है दूसरों की कब्र

मास्क ना पहनने वालों को इंडोनेशिया में कब्रिस्तान ले जाया जा रहा है और इनसे लोगों की कब्र खुदवाई जा रही है। जो भी मास्क नहीं पहनता है उन्हें दूसरे के लिए कब्र खोदनी होती है। ये अनोखा आइडिया इंडोनेशिया के केरमे डिस्ट्रिक्ट के हेड सुयोनो को सबसे पहले आया था। सुयोनो ने बताया कि वायरस की वजह से वहां ज्यादा लाशें आने लगी थी जबकि खुदाई करने वाले सिर्फ तीन लोग ही थे।

ऐसे में मेयर ने उन लोगों को कब्र खोदने की सजा देना शुरु कर दिया जो मास्क नहीं लगा रहे थे। इस तरह से मरने वालों की लाश दफनाने में आसानी होने लगी। सजा पाने वाले लोग सुबह 7 बजे से रात के 12 बजे तक कब्र खोदते हैं। बता दें कि इंडोनेशिया में कोरोना की वजह से 26 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं देश में अभी तक 2 लाख 15 हजार लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।

Back to top button