बॉलीवुड

विक्की कौशल से तापसी पन्नू तक, जब फिल्मों में काम करने के लिए इन सितारों ने छोड़ दी इंजीनियरिंग

15 सितंबर का दिन इंजीनियर्स डे के रुप में सेलिब्रेट किया जाता है। बहुत से लोग इंजीनियर बनने का सपना देखते हैं। इतना ही नहीं खुद बॉलीवुड में बहुत से स्टार ऐसे हैं जिन्होंने पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और फिर अभिनय का रास्ता अपनाया। इसकी शुरुआत 20 साल पहले एक्टर आर माधवन ने की थी। वो एक इंजीनियर हैं जिन्होंने एक्टिंग में भी अपने हुनर का लोहा मनवाया है। उनके इस रास्ते पर बॉलीवुड के कई सितारे चले हैं। आज इंजीनियरिंग डे के मौके पर आपको बताते हैं उन सितारों के बारे में जिन्होंने इंजीनियरिंग के बाद अपनाया एक्टिंग प्रोफेशन और बने बॉलीवुड के बड़े कलाकार।

विक्की कौशल

उरी फेम एक्टर विक्की कौशल अपने दमदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। हालांकि एक एक्टर बनने से पहले विक्की कौशल इंजीनियर थे। विक्की ने साल 2009 में मुंबई के राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलिजी से ग्रेजुएशन किया। ये डिग्री उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशंस से ली है। वो हिंदी फिल्मों के स्टंट निर्देशक और एक्शन कोरियोग्राफर शाम कौशल के बेटे हैं। उनके पिता बॉलीवुड का हिस्सा हैं ऐसे में विक्की का झुकाव भी अभिनय की तरफ हो गया। उन्होंने इंजीनियरिंग छोड़ी और फिर एक्टिंग में डेब्यू किया। उनकी पहली फिल्म ‘मसान’ थी जो दर्शकों को काफी पसंद आई थी।

कृति सेनन

राब्ता गर्ल कृति सेनन भी ब्यूटी विद ब्रेन का परफेक्ट कॉम्बिनेशन हैं। टाइगर श्रॉफ के साथ हीरोपंती से डेब्यू करने वाली कृति ने बीटेक किया है। कृति ने यूपी के नोएडा के जेपी इंस्टिट्यूट ऑफ इनफॉर्मेंशन टेक्नोलॉजी से बैचलर ऑफ टैक्नोलॉजी की डिग्री हासिल की है। कृति एक एक्ट्रेस होने से पहले बीटेक इंजीनियर हैं। जब उन्हें लगा कि वो एक अच्छी अभिनेत्री बन सकती हैं तो उन्होंने इंजीनियरिंग का रास्ता छोड़ा और मुंबई जाने का प्लान बनाया। आज वो बॉलीवुड की खूबसूरत और प्रतिभावान अभिनेत्रियों में से एक हैं।

कार्तिक आर्यन

आज कार्तिक आर्यन की गिनती बॉलीवुड के टॉप एक्टरों में होती है। फिल्म ‘प्यार का पंचनामा’ से कार्तिक ने सफलता पाई, लेकिन शुरुआत में उनके सपने कुछ और थे। पढ़ाई के लिए कार्तिक आर्यन मुंबई आए थे। वो चाहते थे कि वो मुंबई के डी वाई पाटिल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बायोटेक्नोलॉजी की डिग्री लें। हालांकि उनका मन इंजीनियरिंग में कम और फिल्मों में ज्यादा लगने लगा। वो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही फिल्मो में आने की भी तैयारी करते रहे। इसके बाद उन्हें लव रंजन की फिल्म मिल गई और वो बॉलीवुड के सफल स्टार बन गए।

तापसी पन्नू

बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली एक्ट्रेस तापसी पन्नू भी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर रह चुकी हैं। उन्होंने गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद वो एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रुप में नौकरी करने लगी थी। हालांकि उनका मन हमेशा फिल्मों की ओर लगा रहा और उन्होंने मॉडलिंग असाइनमेंट करने शुरु किए। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक धमाकेदार फिल्में की। आज तापसी की गिनती सफल हिरोइनों में होती है।

सुशांत सिंह राजपूत

दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत एक बेहतरीन कलाकार होने के साथ साथ एक होनहार इंजीनियर भी थे। उन्होंने दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरु की थी, लेकिन उनका मन फिल्मों में लग गया। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ दी थी। वो एक दमदार अभिनेता होने के साथ साथ साइंस लवर भी थे। उन्हें चांद तारों में बहुत दिलचस्पी थी। उनके निधन के बाद ये खबर भी सामने आई थी कि वो लॉकडाउन के बाद अपनी पढ़ाई पूरा करना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

सोनू सूद

लॉकडाउन में देश भर के गरीबों की मदद करने वाले एक्टर सोनू सूद भी अपने शुरुआती करियर में एक इंजीनियर थे। हालांकि उन्होंने इंजीनियरिंग में नौकरी नहीं की। उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की डिग्री यशवंतराव चव्हाण कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से हासिल की है। इसके बाद उनका इंजीनियरिंग से मन हट गया और  उन्होंने मॉडलिंग शुरु कर दी। उन्होंने फिल्मों में एक से बढ़कर एक किरदार निभाए हैँ। सोनू सूद को फिल्मों में निगेटिव किरदार के लिए काफी पसंद किया जाता है।

अमीषा पटेल

फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अमीषा पटेल ने भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अमीषा ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स स्थित टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से बायो जेनेटिक इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने तय किया कि वो फिल्मों में काम करेंगी। शुरुआत में उनका करियर सफल रहा, लेकिन अब वो फिल्मो में कम ही नजर आती हैं।

जितेंद्र कुमार

जीतू भैया के नाम से मशहूर एक्टर जितेंद्र कुमार ने फिल्मों से कहीं ज्यादा वेब सीरीज में काम करके नाम कमाया है। जितेंद्र ने आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म ‘शुभ मंगल सावधान’ में काम करके खूब सुर्खियां बटोरीं थीं। इसके अलावा वो पंचायत, पान बहार जैसी वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। एक्टर बनने से पहले जितेंद्र ने आईआईटी खड़गपुर से सिविल इंजीनियरिंग की है। बाद में उनका मन अभिनय की ओर हो गया तो उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री ले ली।

आर माधवन

बॉलीवुड के मशहूर एक्टर आर माधवन ने एक से बढ़कर एक फिल्में की है। हालांकि एक्टिंग करने से पहले उन्होंने कोल्हापुर के राजाराम कॉलेज से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र के किशन चंद चेल्लाराम कॉलेज से पब्लिक स्पीकिंग की डिग्री भी ली है। बतौर हीरो वो मणिरत्नम जैसे प्रतिभावान निर्देशक की फिल्म ‘अलाइपायुथे’ से लॉन्च हुए थे। आर माधवन ने 3 ईडियट्स, रहना है तेरे दिल में, तनु वेड्स मनु जैसी शानदार फिल्में की है।

Back to top button