राजनीति

महाराष्ट्र के स्वाभिमान का एक ब्रांड है ‘ठाकरे’, दूसरा महत्वपूर्ण ‘ब्रांड’ पवार है – शिवसेना

शिवेसना के मुखपत्र ‘सामना’ में कंगना रनौत के खिलाफ एक लेख लिखा गया है। जिसमें कंगना द्वारा मुंबई और महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे को लेकर जो बयान दिया गया था। उसकी आलोचना की गई है। इतना ही नहीं सामना में राज ठाकरे, अक्षय कुमार और बीजेपी के खिलाफ भी काफी कुछ लिखा गया है। राज ठाकरे को तो ‘घर का भेदी’ कहकर ताना मारा गया है।

कंगना को लेकर कही ये बात

शिवसेना और कंगना के विवाद पर लेख लिखते हुए सामना में कहा गया है कि ‘मुंबई का दमन किसके लिए!, दुनिया की नहीं, मुंबई महाराष्ट्र के बाप की!’ ‘महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को ग्रहण लगाने का प्रयास एक बार फिर शुरू हो गया है। ये ग्रहण ‘बाहरी’ लोग लगा रहे हैं। लेकिन इन्हें मजबूत बनाने के लिए परंपरा के अनुसार हमारे ही घर के भेदी आगे आए हैं। मुंबई को पाकिस्तान कहा गया।  मुंबई का अपमान करने वाली एक अभिनेत्री के अवैध निर्माण पर महा नगरपालिका द्वारा कार्रवाई की गई। जिसके बाद मनपा का उल्लेख ‘बाबर’ के रूप में किया गया।

मुंबई को पहले पाकिस्तान बाद में बाबर कहने वालों के पीछे महाराष्ट्र कि भारतीय जनता पार्टी खड़ी है। इसे दुर्भाग्य ही कहना होगा।’  राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर आरोप लगाते हुए सामना में लिखा गया कि वो बिहार चुनाव के मुद्देनजर ऐसे बयान दे रहे हैं।

‘सामना’ में राज ठाकरे को लेकर लिखा गया कि ”ठाकरे’ महाराष्ट्र के स्वाभिमान का एक ब्रांड है। दूसरा महत्वपूर्ण ‘ब्रांड’ पवार नाम है। मुंबई से इन ब्रांड को ही नष्ट करना है और मुंबई पर कब्जा जमाना है, इस साजिश की कलई एक बार फिर खुल गई है। राज ठाकरे भी आज उसी ‘ब्रांड’ के एक घटक हैं और इस सबका खामियाजा भविष्य में उन्हें भी भुगतना पड़ेगा। जिस दिन ‘ठाकरे’ ब्रांड का पतन होगा उस दिन से मुंबई का पतन होना शुरू हो जाएगा।’ वहीं अक्षय कुमार का नाम लिखते हुए लेख में कहा गया कि अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुज के तमाम अभिनेता चुप क्यों हैं। मुंबई को POK बोला गया। लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया है।

Back to top button