समाचार

दुखदः अनुराधा पौडवाल के बेटे आदित्य का 35 साल की उम्र में निधन, किडनी की बीमारी से थे पीड़ित

साल 2020 खत्म होने में बस 4 महीने ही रह गए हैं, लेकिन ये साल जाते जाते भी गमगीन खबरें ही सुना रहा है। पहले कोरोना वायरस ने देश की रफ्तार रोक दी और फिर कई मशहूर सेलेब्स अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गए। सिनेमा जगत जो हर गम में लोगों के चेहरे पर खुशी लाने का काम करता था आज उस इंडस्ट्री में अलग ही हाहाकार मचा हुआ है। इस साल हमने एक से बढ़कर रत्न खो दिए। उनके निधन के गम को लोग अभी भूला भी नहीं पाए थे कि दिल को तोड़कर रख देने वाली एक और गमगीन खबर सामने आ गई। भजन गायिका अनुराधा पौडवाल के बेटे आदित्य पौडवाल का आज सुबह निधन हो गया। महज 35 साल की उम्र में आदित्य पौडवाल इस दुनिया को छोड़कर हमेशा हमेशा के लिए चले गए।

किडनी की बीमारी से पीड़ित थे आदित्य

बता दें कि पिछले काफी समय से आदित्य पौडवाल किडनी की परेशानी से जूझ रहे थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था, लेकिन किडनी फेल होने के चलते आज सुबह उनका निधन हो गया। जवान बेटे के इस तरह से चले जाने से पौडवाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की असमय हुई मौत ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया है।

आदित्या पौडवाल ने अपनी मां अनुराधा पौडवाल की तरह कई भजन गाए हैं। इस साल की शुरुआत में ही उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था और अपने भविष्य की योजना बताई थी। उन्होंने इंटरव्यू में कहा था कि वो भक्ति संगीत पर अपना ध्यान केंद्रित करने की योजना बना रहे हैं। उनका नाम भारत के सबसे कम उम्र के संगीत निर्देशक के रुप में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल है। अफसोस की बात है कि वो अपने भविष्य के सपनों को पूरा किए बिना ही इस दुनिया से चले गए।

चले गए ऐसे-ऐसे रत्न

साल 2020 पूरे विश्व के लिए खराब रहा है, लेकिन भारत के लिए ये कभी ना भूलने वाला साल बन चुका है। इस साल हमने इरफान खान, ऋषि कपूर, वाजिद खान, सरोज खान, सुशांत सिंह राजपूत जैसे सितारों को खो दिया। इनके निधन की खबर पर यकीन करना आसान नहीं था। वहीं सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से तो पूरा भारत हिल चुका है। उनकी उम्र भी महज 34 साल थी, लेकिन वो हमेशा के लिए इस दुनिया को छोड़कर चले गए। इन सारे रत्नों की जो क्षति पूरे भारत को हुई है उसे भूल पाना आसान नहीं होगा।

Back to top button