बॉलीवुड

विदेशी होकर भी देशी रंग में रंग चुकी हैं ये बॉलीवुड अभिनेत्रियां, कमा चुकी हैं अच्छा-खासा नाम

भारतीय फिल्म जगत की चकाचौंध की ओर देश-दुनिया से लोग खिंचे ही चले आते हैं। जिनमें प्रतिभा होती है, वे देश-दुनिया की सभी सीमाओं को लांघ कर वहां पहुंच जाते हैं, जहां उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की ओर भी विदेशों की कई प्रतिभाएं आकर्षित हुई हैं। भारत के फ़िल्म जगत ने भी इन्हें अपना लिया है। पोर्नस्टार सनी लियोन से लेकर डांसिंग क्वीन हेलेन तक को भारतीय फिल्म जगत में अलग पहचान मिली है। अपनी प्रतिभा और अभिनय के दम पर ये विदेशी प्रतिभाएं भारत में छा गई हैं। देसी रंग में आज ये पूरी तरीके से रंगी नजर आती हैं।

नरगिस फाखरी

ये मूल रूप से अमेरिका की हैं। शुरू में ठीक से अभिनय न कर पाने की वजह से इनकी आलोचना भी हुई थी। फिर भी ये अपने बुलंद इरादों के दम पर डटी रहीं। उन्होंने अभिनय की बारीकियां सीख लीं। फिल्म रॉकस्टार में इनकी एक्टिंग की बड़ी तारीफ हुई। अपने करियर की यह पहली फिल्म उनकी सुपरहिट रही। फिर ‘मद्रास कैफे’, ‘मैं तेरा हीरो’ और ‘बैंजो’ जैसी फिल्मों में भी इन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा लिया।

सनी लियोन

ये भारतीय और कनेडियाई मूल की अभिनेत्री हैं। पहले ये पॉर्नस्टार हुआ करती थीं। बिग बॉस में जब इन्होंने हिस्सा लिया था तो इसकी वजह से देशभर में इनके खिलाफ बड़ा विरोध-प्रदर्शन हुआ था। बाद में हालांकि दर्शकों ने इन्हें स्वीकार कर लिया था। सबसे पहले इन्होंने महेश भट्ट की फिल्म जिस्म-2 में काम किया था। यह फिल्म बहुत ही हिट रही थी। इसके बाद कई हिट फिल्मों में काम करके सनी लियोन ने सबका दिल जीत लिया। रागिनी एमएमएस 2, जैकपॉट और मस्तीजादे जैसी हिट फिल्मों में सनी लियोन को काम करते हुए देखा गया है।

हेलेन

हेलन मूल रूप से बर्मा (मयंमार) की रहने वाली हैं। भारतीय सिनेमा में उन्होंने अपनी सबसे अलग पहचान बनाई है। वे डांस क्वीन के नाम से भी जानी जाती हैं। सबसे पहली बार इन्होंने फिल्म अलिफ लैला में काम किया था। इसमें उन्होंने एक सोलो डांसर की भूमिका निभाई थी। हेलन को ओ हसीना जुल्फों वाली, पिया तू अब तो आजा, ये मेरा दिल प्यार का दीवाना जैसे गानों में देखा गया है। अपने डांस के दम पर इन्होंने हर किसी का दिल जीत लिया है।

एली अवराम

ग्रीक-स्वीडिश से एली अवराम का नाता रहा है। एली बॉलीवुड अभिनेत्री बचपन से बनना चाहती थीं। फ़िल्म मिक्की वायरस से इन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्मों में भले ही ये ज्यादा कुछ नहीं कर पाईं, लेकिन बिग बॉस के प्रतिभागी के रूप में इन्होंने बड़ी सुर्खियां बटोरी थीं। सलमान खान से इनकी गहरी दोस्ती हो गई थी। इन्हें भाग जॉनी भाग, किस-किस को प्यार करूं जैसी फिल्मों में काम करते हुए देखा गया है।

याना गुप्ता

बॉलीवुड मूवी दम से अपने करियर की शुरुआत करने वालीं याना गुप्ता चेक गणराज्य में पली-बढ़ी हैं। फिल्म में आइटम गर्ल के तौर पर वे बहुत पसंद की गई थीं। हालांकि, बाद में फिल्मों में याना गुप्ता कुछ खास नहीं कर सकीं। धीरे-धीरे सारी फिल्में उनकी फ्लॉप होती चली गईं। याना कई फिल्मों में अपने आइटम डांस का तड़का लगा चुकी हैं।

जैकलीन फर्नांडिस

हाउसफुल -2, रेस -2, मर्डर -2 और किक जैसी सुपरहिट फिल्में देने वालीं जैकलीन फर्नांडिस श्रीलंकाई मूल की बॉलीवुड अभिनेत्री हैं। मिस श्रीलंका के ताज से भी जैकलिन फर्नांडीस फिल्मों में आने से पहले नवाजी जा चुकी हैं। उन्होंने बॉलीवुड में अलादीन फिल्म से अपने कदम रखे थे। उन्हें सर्वश्रेष्ठ नई अभिनेत्री का आइफा और स्टारडस्ट पुरस्कार भी वर्ष 2010 में मिल चुका है।

कटरीना कैफ

कटरीना कैफ ब्रिटिश भारतीय मूल की अभिनेत्री हैं। इन्होंने फ्लॉप फिल्म बूम से अपना करियर शुरू किया था, लेकिन इसके बाद से बॉलीवुड में वे हिट साबित हुई हैं। बॉलीवुड में जब इन्होंने कदम रखा था तो  इन्हें ठीक से हिंदी तक बोलनी आती नहीं थी, लेकिन आज अपने अभिनय और ग्लैमर के दम पर ये बॉलीवुड में राज कर रही हैं। रेस, पार्टनर, वेलकम, राजनीति, सिंह इज किंग, अजब प्रेम की गजब कहानी, और एक था टाइगर जैसी कई हिट फिल्मों में कटरीना कैफ काम कर चुकी हैं।

गिसेल्ले मोंटिरो

गिसेल्ले मोंटिरो मूल रूप से ब्राजील की रहने वाली हैं। फिल्म लव आज कल से इन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। वैसे, अभिनेत्री के तौर पर इनका करियर कुछ विशेष नहीं रहा। हालांकि, इन्हें अपनी पहली फिल्म लव आज कल के लिए बड़ी सराहना मिली थी। फिल्म आलवेज कभी-कभी में अंतिम बार ये बड़े पर्दे पर नजर आई थीं।

बारबरा मोरी

ये मूल रूप से मेक्सिको की रहने वाली हैं। सबसे पहले बॉलीवुड में फिल्म काइट्स में इन्हें ऋतिक रोशन के साथ देखा गया था। बॉक्स ऑफिस पर तो यह फ़िल्म ज्यादा नहीं चली, मगर इनकी एक्टिंग की बड़ी तारीफ हुई। ऋतिक रोशन के साथ इनके अफेयर की भी खबरें उड़ी थीं, जिसकी वजह से सुजैन खान नाराज भी बताई गई थीं।

एमी जैक्सन

एमी जैक्सन इंग्लैंड में जन्मी थीं। वैसे, 2010 में ये जब भारत आई थीं तो एक तमिल फिल्म में इन्होंने सबसे पहले काम किया था। फिर फ़िल्म एक था दीवाना से इन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। प्रतीक बब्बर के साथ अपने रिश्ते की वजह से ये बड़ी सुर्खियों में रही थीं। इनकी प्रमुख फिल्मों में ‘सिंह इज ब्लिंग’ और ‘फ्रीकी अली’ आदि शामिल हैं।

ब्रूना अब्दुल्ला

ये मूल रूप से ब्राजील की हैं। देसी बॉयज के एक गाने ‘सुबह होने न दे’ से ये बड़ी लोकप्रिय हो गई थीं। फिल्मों में इन्हें लीड भूमिकाएं नहीं मिल रही थीं। ऐसे में इन्होंने छोटी-मोटी भूमिकाएं अदा करके बॉलीवुड में अपनी एक अलग पहचान बनाई। फिल्म जय हो, मस्तीजादे, आई हेट लव स्टोरी और ग्रांड मस्ती जैसी फिल्मों में इन्हें देखा गया है।

कल्कि कोचलिन

ये मूल रूप से फ्रांस की रहने वाली हैं। बॉलीवुड में इन्होंने फिल्म देव डी से कदम रखा था। इस फिल्म में कल्कि कोचलीन की एक्टिंग की बड़ी तारीफ हुई थी। इसके बाद कल्कि जिंदगी न मिलेगी दोबारा फिल्म में नजर आई थीं। इसके अलावा ‘ये जवानी है दीवानी’ और ‘एक थी डायन’ में भी इनकी भूमिका की बड़ी सराहना हुई है। बता दें, कल्कि ने फिल्म डायरेक्टर अनुराग कश्यप से शादी की थी। फिलहाल दोनों का तलाक हो चुका है।

इस तरह से विदेशों से आकर भारत में इन कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का न केवल लोहा मनवाया है, बल्कि यहां अपनी एक अलग पहचान भी बना ली है। आने वाले वक्त में भी ऐसी प्रतिभाओं को भारतीय फिल्म जगत में एंट्री मिलती रहेगी।

पढ़ें जन्म दिन विशेष : फ्लॉप फिल्म से डेब्यू से लेकर सलमान खान से अफेयर तक, ऐसे रही कटरीना की कहानी

Back to top button