समाचार

‘आंख उठाई, तो दिया जाएगा माकूल जवाब’, जाने आज लालकिले से पाक-चीन पर क्या-क्या बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशवासियों को संबोधित किया और लाल किले पर तिरंगा लहराया है। मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते हुए सीमा से लेकर हेल्थ सेक्टर से जुड़ी कई घोषणाएं की हैं। अपने संबोधन में मोदी जी ने देश के लोगों से कहा कि हमारे देश के वीर जवान क्या कर सकते हैं, लद्दाख में दुनिया ने देख लिया है।

चीन पाकिस्तान को दिया कड़ा संदेश

भारत और चीन के बीच हुए सीमा विवाद पर मोदी ने लाल किले से कहा कि एलओसी से लेकर एलएसी तक, जिस देश ने भी आंख उठाई, भारत के जवानों ने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया है। अपने इस बयान के जरिए मोदी ने चीन और पाकिस्तान देश को कड़ा संदेश पहुंचाया है।

विश्व में भारत में बनाई पहचान

संयुक्‍त राष्‍ट्र में इस साल भारत फिर से अस्थायी सदस्य बना है। इस पर पीएम मोदी ने आज कहा कि  ‘192 सदस्यों में से 184 सदस्यों  ने भारत को संयुक्‍त राष्‍ट्र में अस्थायी सदस्यता के लिए समर्थन दिया था। विश्व में कैसे हमने पहुंच बढ़ाई है, ये उसका उदाहरण है। ये तभी होता है जब भारत सशक्त हो। जब भारत सुरक्षित हो।

पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारे पड़ोसी देशों के साथ, चाहे वो हमसे जमीन से जुड़े हों या समंदर से, अपने संबंधों को हम सुरक्षा, विकास और विश्वास की साझेदारी के साथ जोड़ रहे हैं। जहां रिश्तों में समरसता होती है, मेल जोल रहता है।

NCC Cadets को दी जाएगी विशेष ट्रेनिंग

मोदी ने कहा कि NCC का विस्तार देश के 173 सीमा और तटीय जिले तक सुनिश्चित किया जाएगा और इस अभियान को पूरा करने के लिए 1 लाख नए NCC Cadets को विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। जिसमें एक तिहाई बेटियां होंगी और उन्हें भी ये स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी।

जोड़ी जाएगी ऑप्टिकल फाइबर केबल

मोदी जी ने अपने भाषण के दौरान बताया कि अगले 1000 दिन में, लक्षद्वीप को भी सबमरीन ऑप्टिकल फाइबर केबल से जोड़ दिया जाएगा। हमारे देश में 1300 से ज्यादा द्वीप हैं। इनमें से कुछ चुनिंदा द्वीप की भौगोलिक स्थिति और देश के विकास में उनके महत्व को ध्यान में रखते हुए, नई विकास योजनाएं शुरू करने पर काम चल रहा है।

किया नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन (National Digital Health Mission) का भी ऐलान किया है। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत हर भारतीय को एक यूनिक आइडेंटिटी नंबर (Unique Identity Number) दिया जाएगा। जिसमें उनकी सेहत की हर जानकारी होगी। इस हेल्थ कार्ड में पूरा मेडिकल रिकॉर्ड, दवाओं से लेकर जांच रिपोर्ट होगी। इस मिशन पर मोदी ने कहा कि नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, भारत के हेल्थ सेक्टर में नई क्रांति लेकर आएगा।

गौरतलब है कि आज हमारा देश 74 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है और आज लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को संबोधित किया है। कोरोना वायरस के कारण इस बार लाल किले पर बेहद ही कम लोगों को बुलाया गया था। साथ में ही इस कार्यक्रम के दौरान समाजिक दूरी का भी ख्याल रखा गया था।

Back to top button