बॉलीवुड

B’Day Special: महादेव बनने के बाद घर-घर पूजे जाने लगे थे मोहित रैना, इस एक्ट्रेस से जुड़ा था नाम

देवों के देव महादेव, छोटे पर्दे का बड़ा ही लोकप्रिय धारावाहिक रहा था। इसमें बाबा भोलेनाथ यानी कि भगवान शिव की भूमिका मोहित रैना ने निभाई थी। मोहित रैना अपनी इस भूमिका के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। मोहित रैना का आज यानी कि 14 अगस्त को जन्मदिन है। आज के दिन वे अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं।

मोहित रैना जो कि जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं, उनके जन्मदिन के अवसर पर उनकी जिंदगी से जुड़ीं कुछ बहुत ही दिलचस्प बातें यहां हम आपको बता रहे हैं। टीवी की दुनिया में मोहित रैना आज एक ऐसा नाम बन गए हैं, जो किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। मोहित टीवी धारावाहिकों में काम करने से पहले मॉडलिंग भी कर चुके हैं। वर्ष 2005 में मोहित रैना ने मिस्टर इंडिया में भी शिरकत की थी।

शुरुआत यूं हुई थी

मोहित रैना ने वर्ष 2004 में ही एक्टिंग करना शुरू कर दिया था। सबसे पहले उन्होंने एक साइंस फिक्शन ‘अंतरिक्ष’ में काम किया था। वर्ष 2008 में मोहित रैना को फिल्म डॉन मुथू स्वामी में भी अभिनय करते हुए देखा गया। हालांकि, उन्हें पहली कामयाबी वर्ष 2011 में मिली थी। धारावाहिक देवों के देव महादेव ने मोहित रैना को एक अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया। इस धारावाहिक में मोहित रैना महादेव बने थे।

जुड़ा था इनसे नाम

टीवी की नागिन के नाम से मशहूर अभिनेत्री मौनी रॉय जो कि फिल्म गोल्ड से अक्षय कुमार के साथ बॉलीवुड में भी कदम रख चुकी हैं, उन्होंने मोहित रैना के साथ इस धारावाहिक में माता सती की भूमिका अदा की थी। बताया जाता है कि इस धारावाहिक के खत्म होने के बाद कई वर्षों तक मोहित रैना और मौनी रॉय ने एक-दूसरे को डेट किया था।

हालांकि, इन दोनों के बीच क्या चल रहा था, इस बारे में कभी भी इन्होंने खुलकर किसी से बात नहीं की। फिर भी इन दोनों को अक्सर साथ में देखा जाता था। यहां तक कि दोनों साथ में छुट्टियां मनाते हुए भी देखे गए थे। टीवी की दुनिया में कामयाबी हासिल करने के बाद मौनी रॉय ने बॉलीवुड का रुख कर लिया। इसी के बाद मोहित रैना और मौनी रॉय के रास्ते जुदा होने की खबरें सामने आने लगीं।

इतना अधिक था वजन

आपको यह जानकर ताज्जुब होगा कि अपने आरंभिक दिनों में मोहित रैना 107 किलो के थे। यही वजह थी कि उन्हें कई धारावाहिकों में काम नहीं मिल पाया था। ऐसे में उन्होंने अपने वजन को घटाने की ठान ली। योग के जरिए उन्होंने अपना वजन 30 किलो तक घटा लिया था। इसके बाद उन्हें धारावाहिकों में काम मिला था।

मोहित रैना ने अपने करियर में अब तक चक्रवर्ती अशोक सम्राट, महाभारत, गंगा की धीज, बंदिनी और भाभी जैसे सीरियलों में भी काम किया है, लेकिन उन्हें धारावाहिक देवों के देव महादेव के जरिए ऐसी लोकप्रियता हासिल हुई कि बहुत से घरों में वे भगवान शिव की तरह पूजे जाने लगे। वैसे, वर्ष 2014 में यह धारावाहिक समाप्त हो गया था।

मोहित ने इसके बाद भी कई धारावाहिकों में काम किया था। वर्ष 2018 में मोहित धारावाहिक ’21 सरफरोश’ में नजर आए थे, लेकिन यह धारावाहिक लोकप्रियता के मामले में पीछे रह गई थी। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री दीया मिर्जा के साथ काफिर नामक वेब सीरीज में भी मोहित रैना नजर आ चुके हैं।

साल 2019 रहा लकी

मोहित रैना की जिंदगी में बीता साल 2019 कामयाबी लेकर आया। इस साल विकी कौशल की फिल्म ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ रिलीज हुई थी, जिसमें उनकी एक्टिंग की बड़े पैमाने पर सराहना हुई थी। वेब सीरीज ‘मिसेज सीरियल किलर’ और ‘भौकाल’ में भी मोहित इतना बढ़िया अभिनय कर चुके हैं कि वे दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। मोहित के जन्मदिन पर हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं कि वे ऐसे ही कामयाबी की सीढ़ियां चढ़ते जाएं।

पढ़ें अक्षय की हीरोइन मौनी रॉय ने चुपचाप कर ली सगाई? इन लोगों के साथ उड़ चुकी है अफेयर की अफवाह

Back to top button