बॉलीवुड

संजय राउत : सुशांत का परिवार हमारा दुश्मन नहीं है, लेकिन आप वहां बैठ हमारे ऊपर हमला करेंगे तो..

सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) केस को दो महीने हो चुके हैं। अभी तक इस केस में कोई भी बड़ा सुराग हाथ नहीं लगा है। सुशांत ने कथित आत्महत्या क्यों की थी यह भी एक राज़ ही बना हुआ है। यही वजह है कि आम जनता से लेकर बड़े बड़े राजनेताओं और सितारों ने सुशांत मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। हालांकि महाराष्ट्र में अपनी सरकार बनाने वाली शिवसेना को ये सीबीआई जांच शायद खटक रही है। वे मुंबई पुलिस की जांच पर ही ज़ोर दे रही है। वैसे इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। वो जल्द ही अपना फैसला सुना सकती है।

मुंबई पुलिस में विश्वास रखो

इस बीच शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत सुशांत के पिता केके सिंह के ऊपर टिप्पणी कर विवादों में आ गए थे। उन्होने यह तक कह दिया था कि सुशांत अपने पिता की दूसरी शादी से खुश नहीं थे और उनके पिता संग रिश्ते खराब थे। इसके अलावा वे मुंबई पुलिस को सपोर्ट करते हुए भी नज़र आए थे। अब उनका एक और बयान सामने आया है जिसमें वे कह रहे हैं कि आप मुंबई पुलिस पर विश्वास रखिए, यदि आप को लगे कि कुछ भी ठीक नहीं हो रहा तो फिर CBI, CIA में जाओ।

सुशांत के परिवार से दुश्मनी नहीं

सुशांत की फ़ैमिली के ऊपर संजय राउत ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत हमारा भी लड़का था। वो एक एक्टर था, बॉलीवुड का हिस्सा था। बॉलीवुड एक तरह से मुंबई का परिवार ही है। उससे भला हमारी क्या दुश्मनी होगी? हम भी यही चाहते हैं कि उनके परिवार को न्याय मिले। परंतु यदि आप वहां बैठ हमारे ऊपर हमला करेंगे, सरकार को ठीक से काम नहीं करने देंगे, तो यह सब बखेड़ा खड़ा होगा ही। हमारी सहानुभूति सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के साथ है।

मुंबई पुलिस की जांच खत्म होने तक चुप बैठें

मीडिया से बातचीत करते हुए संजय ने आगे कहा कि ‘आप सभी लोग, राजनीतिक दल, विपक्ष और उनके परिवार, सिर्फ मुंबई पुलिस की जांच खत्म होने तक चुप बैठ जाए। मेरे ख्याल से अब समय आ गया है कि मुंबई पुलिस की जांच पूर्ण हो रही है।’ वैसे बताते चलें कि संजय राउत जांच पूरी होने का दावा तो कर रहे हैं, लेकिन पुलिस ने सुशांत केस में अभी एक भी FIR दर्ज नहीं की है।

टेक्निकली केस CBI के पास नहीं

संजय राउत का यह भी कहना है कि टेक्निकली ये केस CBI के पास नहीं है। फिलहाल केंद्र ने CBI जांच की बात कही है। उन्होने आगे यह भी बताया कि मैं जानता हूं कि बिहार सरकार के विनती करने के बाद ही सीबीआई ने इस केस में आने की इच्छा जताई है। हमारे सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता द्वारा इसकी पुष्टि की गई है। बहस का मुद्दा अभी भी यही है कि क्या ये उल्लंघन और महाराष्ट्र सरकार के अधिकारों में हस्तक्षेप नहीं है?

गौरतलब है कि इसके पहले एनसीपी नेता शरद पवार ने भी सुशांत मामले में कहा था कि मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है लेकिन सीबीआई जांच से भी कोई दिक्कत नहीं है।

Back to top button