बॉलीवुड

लापता नहीं है रिया, वकील ने कहा- मुंबई में ही हैं एक्ट्रेस, नहीं दिया बिहार पुलिस ने कोई समन

सुशांत सिंह राजपूत के निधन को 2 महीने होने जा रहे हैं, लेकिन अब तक ये मामला सुलझने के बजाए लगातार उलझता ही जा रहा है। हर रोज हो रहे नए नए खुलासों से सुशांत सुसाइड केस लंबा खींचता हुआ नजर आ रहा है। बता दें कि सुशांत सिंह मामले में उनके पिता केके सिंह ने कुछ दिनों पहले सुशांत की गर्लफ्रेंड और मॉडल रिया चक्रवर्ती पर पटना के राजीव नगर थाने में केस दर्ज किया था। केके सिंह द्वारा केस दर्ज कराए जाने के बाद बिहार पुलिस, मुंबई पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।

बता दें कि रिया चक्रवर्ती पर केस दर्ज कराए जाने के बाद उनको लेकर हर रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं। बीते दिनों रिया चक्रवर्ती को लेकर एक खबर आई थी कि उन्होंने अपने परिवार समेत मुंबई छोड़ दिया है। इस खबर के बाद रिया चक्रवर्ती पर सुशांत के फैंस का शक अधिक गहरा हो गया। हालांकि अब इन अफवाहों के बाद रिया चक्रवर्ती के वकील ने जवाब दिया है।

सतीश मानशिंदे ने कहा ‘रिया नहीं हैं फरार…’

बता दें कि रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानशिंदे हैं, जो देश के एक विख्यात अधिवक्ता हैं। उन्होंने दावा किया है कि एक्ट्रेस कहीं भी लापता नहीं हैं। इसके अलावा उन्हें अभी तक कोई समन नहीं मिला है। वकील शिंदे ने कहा कि रिया का बयान मुंबई पुलिस बहुत पहले दर्ज कर चुकी है और अब बिहार पुलिस को कोई हक नहीं है कि वो रिया चक्रवर्ती से पूछताछ करे। यही वजह है कि रिया चक्रवर्ती  ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की और इस केस को मुंबई स्थानांतरित करने का आग्रह किया किया है। अपने बयान में सतीश मानशिंदे ने कहा कि मेरे मुवक्कील रिया चक्रवर्ती को जब भी और जैसे भी कहा गया उसने पुलिस के साथ मिलकर सहयोग किया है।

रिया के बिल्डिंग मैनेजर ने किया सनसनीखेज खुलासा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शुक्रवार को मीडिया में ये खबर उड़ी थी कि रिया और उसके परिवार वाले मुंबई छोड़कर जा चुके हैं। मिली जानकारी के मुताबिक रिया ने अपने परिवार समेत रातों-रात मुंबई छोड़ दिया था। इस मामले में रिया चक्रवर्ती के बिल्डिंग मैनेजर का कहना है कि रिया अपने पिता, मां, भाई और खुद रिया ने मुंबई अपार्टमेंट खाली कर दिया है। बड़े बड़े सूटकेस के साथ वह नीले रंग की गाड़ी में बैठकर कहीं गई हैं। साथ ही बिल्डिंग मैनेजर का कहना है कि सुशांत ने सुसाइड से कुछ दिनों पहले रिया के घर आना-जाना बंद कर दिया था।

दूसरी ओर बिहार के डीजीपी का कहना है कि उन्होंने सुशांत सुसाइड मामले की जांच के लिए अपनी एक स्पेशल टीम मुंबई भेजी है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि रिया के लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है, लेकिन हमारी टीम उनकी लोकेशन ट्रैस करने में जी-जान से जुटी हुई है। सुशांत के पिता द्वारा जब से पटना में केस दर्ज कराया गया है, तब से मामले में एक नया मोड़ आया है। और रिया को लेकर शक अधिक गहराता जा रहा है। दूसरी तरफ रिया चक्रवर्ती का कहना है कि सुशांत की आत्महत्या में उनका कोई हाथ नहीं। वहीं रिया ने माना है कि वो पिछले एक साल से सुशांत के साथ लिव-इन में रह रही थीं।

Back to top button