समाचार

दुखदः नहीं रहे राज्यसभा सांसद अमर सिंह, लंबी बीमारी के चलते 64 वर्ष की उम्र में हुआ निधन

समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता अमर सिंह का 64 वर्ष की आयु में शनिवार की दोपहर को एक लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। अमर सिंह सिंगापुर के एक अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। एक रिपोर्ट में बताया गया था कि वो आईसीयू में भर्ती थे और उनका परिवार उनके साथ मौजूद था। बता दें कि अमर सिंह की साल 2013 में किडनी खराब हो गई थी। इसके बाद से अक्सर उन्हें तबीयत में परेशानी महसूस होती थी। करीब 6 महीने से सिंगापुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था जहां आज उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुलायम सिंह के करीबी थे अमर सिंह

अमर सिंह का नाम किसी समय में उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में गिना जाता था। वो समाजवादी पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव के करीबियों में शामिल थे। वो बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन के भी काफी करीबी माने जाते थे। पिछले कुछ सालों में अमिताभ के साथ उनके संबंधों में कुछ बातों को लेकर खटास आ गई थी। हालांकि इसी साल फरवरी में उन्होंने अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी।

बता दें कि अमर सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्हें उच्च सदस्य के लिए चुना गया था। हालांकि समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद से उनकी सक्रियता कम हो गई थी। वहीं बीमार होने से पहले तक उनकी नजदीकियां बीजेपी से काफी बढ़ रही थी। बता दें कि अमर सिंह की राजनीतिक सफर की शुरुआत 1996 में राज्यसभा का सदस्य चुने जाने के साथ हुई थी।

अमिताभ बच्चन से मांगी थी माफी

इससे पहले वो 2002 और 2008 में राज्यसभा चुनाव के लिए चुने जाते रहे। एसपी नेता मुलायम सिंह यादव के साथ अमर सिंह के बेहद खास संबंध थे। वहीं अमिताभ बच्चन और उनके परिवार से भी अमर सिंह जुड़े रहते थे। हालांकि पिछले काफी समय से वो अमिताभ के परिवार से दूर हो गए थे। वहीं इसी साल फरवरी में एक वीडियो जारी कर अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन से माफी भी मांगी थी। अब अमर सिंह हमेशा हमेशा के लिए ये दुनिया छोड़कर चले गए। अमर सिंह का इस तरह से चले जाना भारतीय राजनीति को एक बहुत बड़ा धक्का दे गया है। उनके जाने से भारतीय राजनीति को एक ऐसी क्षति हुई है जिसकी भरपाई काफी लंबे समय तक मुश्किल होगी।

 

Back to top button