बॉलीवुड

मुमताज और करीना के दादा एक दूसरे से करते थे बेहद प्यार, लेकिन इसलिए नहीं कर पाए शादी

गुजरे जमाने की मशहूर अदाकारा मुमताज आज अपना 74वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं, उनका जन्म 31 जुलाई 1947 को मुंबई में हुआ था। उनके फिल्मी करियर की शुरूआत साल 1961 में हुई, उन्होंने फिल्म स्त्री में पहली बार काम किया था। मुमताज ने 60 और 70 के दशक में अपनी एक्टिंग की दम से बॉलीवुड में राज किया और अपने रूमानी अंदाज से दर्शकों का दिल जीता। उस समय बॉलीवुड में मुमताज के साथ शम्मी कपूर और राजेश खन्ना की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आती थी। मुमताज के साथ उन दिनों शम्मी कपूर का नाम जोड़ा जाता था, दोनों की शादी की खबरें भी खूब हवाई होती थीं। हालांकि जब शादी की बात आई, तो मुमताज ने साफ इनकार कर दिया। आइये जानते हैं, आखिर दोनों की शादी क्यों नहीं हो पाई थी।

इस वजह से नहीं हो पाई मुमताज-शम्मी कपूर की शादी…

बता दें कि मुमताज जब 18 साल की थीं, तो शम्मी कपूर ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था। माना जाता है कि उस समय मुमताज का दिल भी शम्मी कपूर के लिए धड़कता था। वहीं शम्मी कपूर चाहते थे कि मुमताज अपना फिल्मी करियर छोड़कर उनसे शादी कर ले। दूसरी तरफ मुमताज अपना फिल्मी करियर छोड़ने को राजी नहीं थी। लिहाजा एक्ट्रेस ने शादी करने से इनकार दिया और दोनों का ब्रेकअप हो गया।

मालूम हो कि दोनों ने फिल्म ब्रह्मचारी में एक साथ काम किया था, हालांकि इस फिल्म में शम्मी कपूर की जोड़ी अभिनेत्री राजश्री के साथ थी। मगर इस फिल्म का एक गाना ‘आज कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे हर जुबान पर…’ शम्मी कपूर-मुमताज पर फिल्माया गया था। यह गाना काफी मशहूर हुआ और आज भी यह गाना फैंस को झूमने के लिए मजबूर कर देती है।

बता दें कि मुमताज ने बतौर बाल कलाकार अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की थी, महज 13 साल की उम्र में ही उन्होंने फिल्म डेब्यू कर लिया था। इसके बाद मुमताज फिल्मों में जैसे जैसे फेमस होती गईं, उनके अफेयर के किस्से भी मशहूर होते गए। लिहाजा उनका नाम बॉलीवुड के कई एक्टर्स के साथ जोड़ा गया।

जानिए कैसे शून्य से शिखर तक पहुंची मुमताज…

मुमताज की मां नाज और आंटी निलोफर दोनों ही एक्टिंग की दुनिया में पहले से एक्टिव थीं। वहीं मुमताज ने भी महज 13 साल की उम्र में एक जूनियर आर्टिस्ट के रूप में बॉलीवुड में अपने कदम रख दिए थे। अपने शुरूआती दिनों में मुमताज फिल्मों में छोटे छोटे रोल करती थीं, मगर उनकी किस्मत तब चमकी जब उन्होंने एक्टर दारा सिंह के साथ काम किया। दूसरी तरफ उन दिनों इंडस्ट्री में कहा जाता था कि दारा सिंह जैसे दमदार एक्टर के साथ हीरोइनें काम नहीं करना चाहती हैं।

आपको जानकर हैरानी होगी कि मुमताज ने एक के बाद एक 16 फिल्मों में दारा सिंह के साथ काम किया। और इन्हीं 16 फिल्मों में से 10 फिल्में हिट हो गईं और मुमताज के कामयाबी का सफर यहीं से शुरू हो गया।

दारा सिंह के बाद मुमताज और बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की जोड़ी बड़े पर्दे पर हिट साबित हुई। दोनों की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं। इनमें से ‘दो रास्ते, सच्चा-झूठा, आपकी कसम, अपना देश, प्रेम कहानी, दुश्मन, बंधन और रोटी’ जैसी फिल्में शामिल हैं।

कई फिल्मों में एक साथ काम करने के बाद राजेश खन्ना और मुमताज एक दूसरे के काफी करीब आ गए थे। कहा जाता है कि राजेश खन्ना ने मुमताज से शादी के सपने भी देख लिए थे। मगर जब मुमताज की शादी मयूर माधवानी के साथ हुई, तब राजेश खन्ना का दिल टूट गया। बता दें कि मुमताज ने साल 1974 में मयूर माधवानी से शादी रचाई थी। शादी के बाद मुमताज का फिल्मी करियर भी लगभग खत्म हो गया और वो कुछ चुनिंदा फिल्मों में ही नजर आईं।

बता दें कि मुमताज और मयूर माधवानी की 2 बेटियां हैं। उनकी बड़ी बेटी नताशा ने फिरोज खान के बेटे फरदीन खान से शादी की और वो लंदन में ही बस गईं। वहीं उनकी छोटी बेटी तान्या रोम में रहती हैं। मालूम हो कि मुमताज को साल 2000 में ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझना पड़ा, हालांकि अब वो पूरी तरह से ठीक हैं और लंदन में रह रही हैं।

Back to top button