समाचार

बड़ी खबर: तय हुआ किसे मिलेगा विकास दुबे को पकड़ने का 5 लाख का इनाम, लिस्ट में कई लोग हैं शामिल

उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर विकास दुबे को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया, लेकिन इससे पहले वो कई राज्यों के पुलिस से भागता रहा। जी हां, कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर विकास दुबे शहर दर शहर भागने लगा। आलम ये हो गया कि उसे पकड़ने के लिए पुलिस को इनामी राशि तय करनी पड़ी और यह कीमत काफी बड़ी रखी गई। दरअसल, विकास दुबे को पकड़ने वाले शख्स को 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया गया। ऐसे में, जब गैंगस्टर का एनकाउंटर हुआ, तो सबके मन में यही सवाल उठा कि आखिर ये 5 लाख रुपये किसे दिए जाएंगे? तो चलिए जानते हैं कि विकास दुबे पर घोषित पांच लाख रुपये किसे मिलने वाले हैं?

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 8 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोपी विकास दुबे को उज्जैन से पकड़ा गया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी पर भी सवाल उठने लगे। विपक्ष ने आरोप लगाया कि विकास दुबे ने खुद उज्जैन पुलिस को सरेंडर किया, तो वहीं दूसरी तरफ उज्जैन पुलिस अपनी पीठ थपथपाती दिखी। खैर, इन सबके बीच एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि आखिर विकास दुबे पर घोषित 5 लाख रुपये किसको मिलेंगे? क्या ये राशि उज्जैन पुलिस को दी जाएगी? या ये इनाम किसी और को मिलेगा?

किसे मिलेगी इनामी राशि?

बता दें कि विकास दुबे को पकड़ने पर घोषित 5 लाख रुपये किसको मिलेंगे, ये तय हो चुका है। दरअसल, ये रुपये किसी और को नहीं,बल्कि उज्जैन पुलिस को मिलने वाले हैं। सूत्रों की मानें, तो उज्जैन पुलिस को ही विकास दुबे को गिरफ्तार करने के लिए 5 लाख रूपए इनाम स्वरूप दिए जाएंगे। ऐसे में अब एक और बड़ा सवाल खड़ा हो जाता है कि आखिर किन किन लोगों को ये 5 लाख रुपये दिए जाएंगे? क्योंकि गिरफ्तारी के दौरान कई पुलिसकर्मी मौजूद थे और इस 5 लाख रूपए पर इन सभी की दावेदारी है।

खबरों की मानें तो उत्तर प्रदेश की पुलिस ने मध्यप्रदेश की पुलिस को इनामी राशि के लिए पत्र लिखा है। इस पत्र के बाद उज्जैन पुलिस यह तय करेगी कि किसे इनाम दिया जाएगा। दरअसल, उज्जैन एसपी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश भूरिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है, जिसमें यह तय किया जाएगा कि यह राशि किसे दी जाएगी और इसका असली हकदार कौन है? इसके अलावा, कमेटी यह भी तय करेगी कि मंदिर में सबसे पहले विकास दुबे को किसने देखा था? उसे भी पांच लाख में हिस्सेदारी मिलेगी। मतलब साफ है कि पांच लाख का दावेदार कोई एक शख्स नहीं, बल्कि कई लोग होंगे।

सवालों के घेरे में विकास दुबे का एनकाउंटर

पुलिस ने भले ही विकास दुबे का एनकाउंटर कर दिया हो, लेकिन कई अहम सवाल आज भी हमारे सामने मौजूद है। दरअसल, विपक्ष का कहना है कि यदि विकास दुबे ने सरेंडर किया था, तो उसका एनकाउंटर क्यों किया गया? इतना ही नहीं, यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि विकास दुबे का एनकाउंटर पहले से ही तय हो चुका था, क्योंकि वह कई खाकी वर्दी धारकों के राज जानता था।

Back to top button