बॉलीवुड

विद्युत जामवाल ने किया देश का नाम रोशन। पुतिन, बेयर ग्रिल्स के साथ ख़ास लिस्ट में हुए शामिल

विद्युत जामवाल इकलौते ऐसे भारतीय स्टार हैं जिन्होंने इतने सितारों के बीच ये उपलब्धि हासिल की

बॉलीवुड में बहुत से कलाकार ऐसे हैं जो अपनी एक्टिंग से फैंस को दीवाना बनाते ही हैं साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम भी रोशन कर रहे हैं। अपने एक्शन और स्टंट के लिए बॉलीवुड में फेमस एक्टर विद्युत जामवाल ने भी ऐसी ही एक उपलब्धि हासिल की है। जैकी चैन एक्शन मूवी अवॉर्ड से नवाजे जा चुके विद्युत जामवाल ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। विद्युत जामवाल को एक नई उपलब्धि मिली है जिसने उन्हें व्लादिमीर पुतिन और बेयर ग्रिल्स जैसे बड़े नामों की लिस्ट में लाकर खड़ा कर दिया है।

लिस्ट में शामिल होने वाले एकलौते भारतीय

दरअसल द रिचेस्ट नाम के एक पोर्टल ने दुनियाभर के ऐसे स्टार्स की एक लिस्ट जारी की है जिनसे पंगा लेना  मंहगा पड़ सकता है। आपको जानकर गर्व होगा कि इसमें भारत के भी एक स्टार का नाम शामिल हैं। वो स्टार कोई और नहीं बल्कि ‘कमांडो’ फेम और मार्शल आर्ट्स ट्रेंड एक्टर विद्युत जामवाल हैं। विद्युत बॉलीवुड में बिना बॉडी डबल की मदद लिए खतरनाक स्टंट करने के लिए मशहूर  हैं और उन्हें फैंस काफी पसंद करते हैं।

इस लिस्ट में एकलौते भारतीय शख्स विद्युत जामवाल का नाम भी शामिल हो गया है। द रिचेस्ट ने  लिखा, एक्शन स्टार विद्युत जामवाल ने भारत को एक बार फिर गर्व महसूस करवाया है। उन्हें ’10 पीपल यू डोन्ट वान्ट टू मेस विद इन द वर्ल्ड'( वो 10 लोग जिनसे पंगा लेने की सोचना भी मत) की लिस्ट में शामिल किया गया है’। बता दें कि इस लिस्ट में रुस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन, ब्रिटिश एडवेंचरर बेयर ग्रिल्स, ग्रैंडमास्टर शीफू शियान मिंग, फेमस निंजा हात्सुमी मसाकी का नाम शामिल है।

विद्युत जामवाल ने किया ट्वीट

अब इस लिस्ट में विद्युत जामवाल का नाम भी शामिल हो गया है। विद्युत ने इस लिस्ट में अपना नाम आने के बाद ट्वीट किया है। विद्युत ने लिखा, ‘बेयर ग्रिल्स को देखता और फॉलो करता हूं, सर आपके सारे एडवेंचर कमाल के होते हैं। आप असंभव को भी बेहद आसानी से करते नजर आते हैं। आप ही असली ब्लू वॉरियर हैं जिससे किसी को पंगा नहीं लेना चाहिए। शुभकामनाएं’।

विद्युत जामवाल के फिल्मी करियर की बात करें तो वो अपने एक्शन सीन्स के लिए जाने जाते हैं। विद्युत ने साल 2011 में ‘फोर्स’ फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने ‘कमांडो’ फिल्म में काम किया। ये फिल्म हिट रही और इसके बाद विद्युत कमांडो-2 में भी नजर आए थे। विद्युत बेहतरीन स्टंट करने के साथ-साथ शानदार डांस करने के लिए भी फेमस हैं।बता दें कि बॉलीवुड में एक्शन हीरो के तौर पर अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ को भी जाना जाता है। हालांकि इस लिस्ट में विद्युत जामवाल ही अपना नाम दर्ज करा पाए हैं।

विद्युत इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘खुदा हाफिज’ को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी दो फिल्में जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली हैं। उनकी फिल्म खुदा हॉफिज जल्द ही हॉटस्टार पर रिलीज होगी वहीं इसके अलावा वो श्रुति हासन, अमित साध, विजय वर्मा, केनी बसुमतरी और संजय मिश्रा के साथ फिल्म ‘यारा’ में भी नजर आएंगे। ये फिल्म 2011 की फ्रेंच फिल्म ए गैंग स्टोरी का रीमेक है। ये फिल्म जी 5 पर रिलीज होगी।

Back to top button