समाचार

Twitter पर छाए PM नरेंद्र मोदी, 6 करोड़ पहुंची फॉलोअर्स की संख्या, पहले नंबर पर है ये नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की लोकप्रियता लोगों के बीच काफी बढ़ गई है और माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर पर मोदी को फॉलो करने वाले लोगों की संख्या 60 मिलियन (6 करोड़ लोग) पहुंच गई है। इस साल करीब 10 मिलियन यानी एक करोड़ लोगों ने मोदी को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया है।

साल 2009 में बनाया था ट्विटर अकाउंट

पीएम मोदी ने साल 2009 में ट्विटर अकाउंट बनाया था और लगभग 11 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं। इस वक्त उनके ट्विटर अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या 6 करोड़ है। जबकि मोदी 2354 लोगों को ट्वीटर पर फॉलो करते हैं। सितंबर साल 2019 तक ट्विटर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फॉलोअर्स की संख्या 5 करोड़ थी। यानी एक साल के अंदर 1 करोड़ लोगों ने मोदी को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया है। सिर्फ 10 महीने में ट्विटर पर 1 करोड़ लोगों का फॉलो किया जाना ये साफ दर्शता है कि मोदी अपने कार्यों के चलते विश्व भर में कितने प्रसिद्ध हो रहे हैं।

पहले नंबर पर हैं ओबामा

ट्विटर पर सबसे ज्यादा लोकप्रिय नेताओं की सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा पहले नंबर पर हैं। ओबामा को ट्विटर पर 120.7 मिलियन यानी 12 करोड़ लोग फॉलो करते हैं। जबकि दूसरे नंबर पर अमेरिका के मौजूद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप हैं। ट्रंप को ट्विटर पर 83.7 मिलियन यानी 8 करोड़ 37 लाख लोग फॉलो करते हैं।

अमित शाह के फॉलोअर्स की संख्या भी बढ़ी

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ट्विटर पर दो करोड़ 16 लाख फॉलोअर हो गए हैं। अमित शाह के केंद्रीय गृहमंत्री बनने के बाद से ये इजाफा देखा गया है।

ट्विटर पर प्रसिद्ध हैं ये भारतीय नेता

ट्विटर पर कई सारे भारतीय नेताओं के अकाउंट हैं। मोदी और अमित शाह के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सबसे अधिक फॉलो किया जाता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ट्विटर पर एक करोड़ 99 लाख लोग फॉलो करते हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक करोड़ पांच लाख लोग ट्विवट पर फॉलो करते हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को ट्विटर पर 52 लाख लोग फॉलो करते हैं। राहुल गांधी ने अपना अकाउंट अप्रैल 2015 में बनाया था। वहीं कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ट्विटर पर फॉलोअर्स की संख्या 25 लाख है। प्रियंका गांधी फरवरी 2019 में ट्विटर से जुड़ी थी।

गौरतलब है कि ट्विटर एक सोशल नेटवर्किंग साइट है और इसके जरिए लोग अपने विचार और वीडियो पोस्ट करते हैं। दुनिया की लगभग हर प्रसिद्ध हस्ती का ट्विटर अकाउंट बना हुआ है। 21 मार्च 2006 को ट्विटर लॉन्च हुआ था और इसका मुख्यालय सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया, संयुक्त राज्य अमेरिका में है। जबकि इसके दुनिया भर में 25 से अधिक कार्यालय हैं। साल 2018 तक, ट्विटर पर 321 मिलियन से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ता थे।

Back to top button