समाचार

राज भवन तक पहुंचा कोरोना, कर्मचारी के संक्रमित होने पर महाराष्ट्र राज्यपाल हुए क्वारंटाइन

कोरोना की चपेट में अब अभिनेता और राजनेता भी आने लग गए हैं। कल रात अभिनेता अमिताभ और अभिषेक बच्चन को कोरोना के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं आज महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।

दरअसल राजभवन में एक जूनियर इलेक्ट्रिशियन कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। जिसके बाद यहां कुल 100 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया था। इनमें से 55 से 57 लोगों की रिपोर्ट आ गई है। जिसमें से करीब 16 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि अन्य लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। ऐसे में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है और हो सकता है कि इनका भी जल्द कोरोना टेस्ट लिया जाए।

राज्य में 2 लाख 46 हजार पॉजिटिव केस

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले 2,46,600 पहुंच गए हैं। रविवार सुबह महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 8139 नए केस सामने आए थे। वहीं पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना से 223 लोगों की मौत हुई है और 4360 लोग ठीक होकर घर गए है। अभी इस राज्य में एक्टिव पॉजिटिव मरीजों की संख्या 99202 है और कुल 1,36,985 मरीज ठीक हो गए हैं। जबकि राज्य में अब तक 10116 लोगों की मौत कोरोना वायरस से हो गई है।

मुंबई सबसे बुरी तरह से ग्रस्त

महाराष्ट्र का मुंबई शहर कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह से ग्रस्त है और यहां पर कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 91 हजार के पार पहुंचा गया है। मुंबई में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 1,308 मामले सामने आए थे। जिसके साथ ही शहर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 91,457 हो गई है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के अनुसार इस महामारी से मरने वालों की संख्या मुंबई में 5,241 हो गई। कल इस शहर में कोरोना से 39 लोगों की मौत हुई थी। बीएमसी के मुताबिक  91,457 में से 63,431 मरीज ठीक हो चुके हैं। मुंबई में अभी 22,779 मरीजों का इलाज चल रहा है। शहर में कोविड-19 के मामले 50 दिन में दोगुने हो रहे हैं।

अभिनेताओं के घर भी पहुंचा कोरोना

अमिताभ बच्चन के पूरे परिवार का कोरोना टेस्ट लिया गया था। जिसमें से अमिताभ और अभिषेक बच्चन कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। जबकि अन्य सदस्यों की रिपोर्ट नेगटिव आई थी। वहीं अभिनेत्री रेखा के घर को भी सील कर दिया गया है और उन्हें भी कोरोना टेस्ट करवाने की सलाह दी गई है। दरअसल रेखा के यहां काम करने वाले व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इनके घर को सील किया गया था।

अनुपम खेर के परिवार को भी हुआ कोरोना

अभिनेता अनुपम खेर की मां को कोरोना वायरस होने के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया है। अनुपम खेर के अनुसार उनकी मां और भाई कोरोना संक्रमित हो गए हैं। मां को माइल्ड (हल्के) कोविड-19 पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद अनुपम और उनके भाई राजू ने भी अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। अनुपम खेर की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। जबकि भाई राजू के टेस्ट रिजल्ट में माइल्ड कोविड-19 पाया गया था। इसके बाद अनुपम के भाई की पूरी फैमिली का भी कोरोना टेस्ट करवाया गया। जिसमें भाई की पत्नी और बेटी वृंदा माइल्ड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

Back to top button