बॉलीवुड

अपने दम पर इन बॉलीवुड सिंगर्स ने बनाई पहचान, रियलिटी शो से खुले कामयाबी के दरवाजे

बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम द्वारा म्यूजिक इंडस्ट्री में माफियाओं के होने की बात कह कर भले ही बॉलीवुड की तरह म्यूजिक इंडस्ट्री में भी नेपोटिज्म को लेकर बहस छेड़ दी है, लेकिन यह भी एक सच है कि कई ऐसे बॉलीवुड सिंगर्स हैं, जिन्होंने बिना किसी गॉडफादर के अपने संघर्ष के दम पर अपनी पहचान बनाई है। रियलिटी शो में हिस्सा लेते हुए ये आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। एक नजर डालते हैं ऐसे ही बॉलीवुड सिंगर्स पर।

सोनू निगम

अपने करियर के दौरान खुद सोनू निगम को काफी संघर्ष करना पड़ा है। सोनू निगम ने एक सिंगिंग रियलिटी शो को भी होस्ट किया था।अपने पिताजी के साथ वर्ष 1991 में सोनू निगम मुंबई आए थे और यहां कई घंटे वे कंपोजर्स के घर के बाहर खड़े रहते थे। ‘अच्छा सिला दिया तूने मेरे प्यार का’ एलबम से सोनू निगम को पहले पहचान मिली। रियलिटी शो सा रे गा मा से भी उनका करियर आगे बढ़ पाया।

अरिजीत सिंह

मशहूर रियलिटी शो गुरुकुल में 2005 में अरिजीत सिंह रनर अप रहे थे। इस रियलिटी शो को हारने के बाद वे एक और रियलिटी शो ’10 के 10 ले गए दिल’ में हिस्सा लेने पहुंच गए थे। मर्डर 2 के गाने फिर मोहब्बत को गाकर डेब्यू करने से पहले अरिजीत सिंह ने शंकर-एहसान-लॉय, विशाल शंकर और मिथुन के साथ असिस्टेंट प्रोग्रामर के तौर पर काम किया। फिल्म आशिकी 2 में उनकी आवाज में भी गाने खूब पसंद किए गए। इन्हें फिल्मफेयर अवार्ड तक मिल चुका है।

श्रेया घोषाल

रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ जब ‘सा रे गा मा’ हुआ करता था, तब 16 साल की उम्र में श्रेया घोषाल ने इसमें भाग लिया था। बॉलीवुड में बड़ा ब्रेक मिलने से पहले श्रेया घोषाल ने कई बंगाली वीडियो एल्बम के लिए अपने गाने रिकॉर्ड किए थे। ‘सा रे गा मा’ में संजय लीला भंसाली ने श्रेया घोषाल को नोटिस किया था और देवदास के लिए उन्हें साइन कर लिया था।

सुनिधि चौहान

सुनिधि चौहान ने 12 साल की उम्र में लिटिल वंडर ग्रुप के साथ 40वें फिल्मफेयर अवार्ड समारोह में परफॉर्म किया था। म्यूजिक डायरेक्टर आदेश श्रीवास्तव ने तब उन्हें नोटिस किया था और वे चाहते थे कि सुनिधि फिल्म शास्त्र के लिए गाना गाएं। उसी साल सुनिधि चौहान ने दूरदर्शन की ‘मेरी आवाज सुनो’ शो में हिस्सा लिया और उन्हें लता मंगेशकर ट्रॉफी से भी सम्मानित किया गया।

मोनाली ठाकुर

गायक शक्ति ठाकुर की मोनाली ठाकुर बेटी हैं। उन्हें केवल 14 साल की उम्र में ही प्लेबैक सिंगिंग स्किल के लिए आनंदलोक अवार्ड भी मिल गया था। इंडियन आइडल में हिस्सा लेने के बाद उन्हें देशभर में प्रसिद्धि मिली थी। जान-ए-मन के साथ अनु मलिक ने मोनाली ठाकुर को बॉलीवुड में ब्रेक दिया था। कहा यह भी जाता है कि बॉलीवुड में मोनाली को पहला ब्रेक प्रीतम ने ‘ख्वाब देखे’ और ‘जरा जरा टच मी टच मी’ गानों के जरिये दिया था।

नीति मोहन

अपने मां-बाप को नीति मोहन ने खुद पर नाज करने का मौका दिया। मोहन सिस्टर्स नीति, मुक्ति और शक्ति मोहन में नीति मोहन सबसे बड़ी हैं। चैनल V के पोपस्टार्स शो से उन्होंने अपना करियर शुरू किया था और विजेताओं में से वे एक थीं। उनका डेब्यू गाना ‘इश्क वाला लव’ इतना हिट हो गया था कि इसके लिए उन्हें आरडी बर्मन अवार्ड भी मिल गया था।

पढ़ें सुशांत के निधन से दुखी इस बॉलीवुड सिंगर ने लिया बड़ा फैसला, बोलीं- नहीं गाउंगीं बॉलीवुड के गाने

Back to top button