बॉलीवुड

इकलौते बेटे को खोकर बिखर गए सुशांत के पिता, बोले- मन्नत से मांगा हुआ ऐसे ही चला जाता है….

हमें नहीं पता कि आखिरी दिनों में उसके साथ क्या हुआ था, सुशांत हमें कुछ बताता भी नहीं था

सुशांत सिंह राजपूत को दुनिया छोड़े 2 हफ्ते से ज्यादा हो गया, लेकिन उनके चले जाने का गम कम ही नहीं हो रहा। बॉलीवुड उनकी आत्महत्या पर सवाल उठा रहा है, फैंस के बीच उनके साथ हुए अन्याय को लेकर गुस्सा है। हर किसी के दिल में सवाल हैं, लेकिन उस पिता के दिल पर क्या गुजर रही होगी जिसने अपना जवान लड़का खो दिया। इस बात को सुशांत के पिता केके सिंह के अलावा कोई नहीं समझ सकता। बेटे के जाने से गम में टूटे सुशांत के पिता ने अब जाकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। हालांकि अपना गम बांटते हुए उनके पिता कुछ ऐसा कह गए जिसे सुनकर फिर से सबकी आंखे भर आई।

बेटे को खोकर टूट चुके हैं पिता केके सिंह

सुशांत के पिता ने एक इंटरव्यू मे कहा कि सुशांत के लिए उन्होंने और उनकी पत्नी ने मन्नत मांगी थी। सुशांत की चार बड़ी बहनें हैं और उनके माता-पिता एक बेटे की ख्वाहिश रखते थे। पिता केके सिंह ने कहा- हमने मन्नत मांगी थी। 3 साल तक मन्नत मांगने के बाद सुशांत का जन्म हुआ था। सुशांत अपने बहनों के एकलौते भाई थे इसलिए उनका लालन-पालन बड़े ही लाड-प्यार से हुआ था।

आगे जो सुशांत के पिता ने कहा वो वाकई दिल दुखाने वाला था। उन्होंने कहा कि 4 लड़कियों में वो एक लड़का था, लेकिन जो मन्नत से मांगों वो ऐसे ही जाते हैं। मन्नत से मांगा हुआ ऐसे ही जाता है। जो होना है उसे कोई नहीं रोक सकता। उसने कम ही दिन में बहुत कुछ कर लिया था। उसने बहुत कुछ हासिल कर लिया था।

हम जान भी नहीं पाए कि आखिर क्या हुआ था

सुशांत के पिता ने कहा- आखिरी दिनों में क्या हुआ था ये हम नहीं जानते हैं। सुशांत हमें इस बारे में कुछ नहीं बताता था। हम भी फिल्म इंडस्ट्री से काफी दूर रहते थे। हमें चमक-दमक पसंद नहीं है। केके सिंह ने आगे कहा- सुशांत ने बिहार के लिए बहुत कुछ करने का सोचा था। बिहार के लोगों की मदद के लिए वो बहुत कुछ करना चाहता था, लेकिन उसे वक्त नहीं मिला। सुशांत ने चांद पर जमीन खरीदी थी। जमीन देखने के लिए उसने 55 लाख का टेलीस्कोप लिया था। वो उस टेलीस्कोप से अपना प्लॉट ही देखता रहता था।

बता दें कि सुशांत ने 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी। सुशांत के निधन के बाद से ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि वो नेपोटिज्म का शिकार थे। साथ ही वो बॉलीवुड के रवैए से भी परेशान थे। ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि उनके हाथ से कई बड़े-बड़े प्रोजेक्ट ले लिए गए थे जिसके चलते वो डिप्रेशन में आ गए थे। इसके बाद ही उन्होंने जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी।

हालांकि इसके पीछे का कारण अभी तक पुरी तरह सुलझ नहीं पाया है क्योंकि सुशांत के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। दूसरी तरफ नेपोटिज्म की खबर आने से फैंस कई बड़े स्टार्स पर भड़के हुए हैं। बिहार और झारखंड में करण जौहर, आलिया भट्ट और सलमान खान जैसे सितारों की फिल्मों को बैन करने की बात कही गई है। वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के और भी कई सितारे खुलकर इस मुद्दे पर बोल रहे हैं। फिलहाल तो इस मौत की गुत्थी को पुलिस सुलझा रही है वहीं परिवार सुशांत की मौत से अभी तक सदमे में है।

Back to top button